Top
Begin typing your search above and press return to search.

आसमान में इंडिगो विमान का इंजन हुआ फेल, चेन्नई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी; 224 यात्री सुरक्षित

कोलकाता से चेन्नई जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E-723 का लैंडिंग से पहले बायां इंजन फेल हो गया। चेन्नई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित हुई, सभी 224 यात्री सुरक्षित हैं।

आसमान में इंडिगो विमान का इंजन हुआ फेल, चेन्नई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी; 224 यात्री सुरक्षित
X
चेन्नईकोलकाता से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में मंगलवार देर रात लैंडिंग से ठीक पहले तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया। विमान का बायां इंजन काम करना बंद कर गया, जिसके बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर तत्काल ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई। विमान में 224 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान को सुरक्षित रनवे पर उतार लिया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।

लैंडिंग से पहले इंजन में आई खराबी

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अधिकारियों के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E-723 कोलकाता से चेन्नई के लिए रवाना हुई थी। विमान को रात करीब 11:30 बजे चेन्नई पहुंचना था। लैंडिंग की तैयारी के दौरान पायलट को विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी। इसके बाद चेन्नई एयरपोर्ट प्रशासन ने इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को सक्रिय कर दिया।

11.29 बजे घोषित हुई फुल इमरजेंसी

अधिकारियों के अनुसार, रात 11:29 बजे चेन्नई एयरपोर्ट पर ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित की गई। इसके बाद रनवे और आसपास के क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया। दमकल, मेडिकल टीम और अन्य सुरक्षा दलों को तैयार रखा गया, ताकि विमान के उतरते समय किसी भी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

इसके करीब आठ मिनट बाद रात 11:37 बजे फ्लाइट ने चेन्नई एयरपोर्ट के रनवे-25 पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में मौजूद सभी 224 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताए गए।

सुरक्षित लैंडिंग के बाद हटाई गई इमरजेंसी

विमान के सुरक्षित उतरने और स्थिति नियंत्रण में आने के बाद रात 11:47 बजे एयरपोर्ट से फुल इमरजेंसी हटा ली गई। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बावजूद चेन्नई एयरपोर्ट पर दूसरे विमानों की आवाजाही और अन्य एयरपोर्ट ऑपरेशन सामान्य रूप से जारी रहे।

विमान के इंजन में खराबी आने की वजहों की जांच की जा रही है। तकनीकी टीम विमान की जांच करेगी और घटना से जुड़े विवरणों का आकलन किया जाएगा।

पहले एयर इंडिया की फ्लाइट में भी आई थी परेशानी

इससे पहले 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक एयरबस A320 फ्लाइट में भी उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या सामने आई थी। विमान अचानक कुछ ऊंचाई नीचे आया, लेकिन चालक दल ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और विमान दिल्ली में सुरक्षित उतरा। उस घटना में कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it