Top
Begin typing your search above and press return to search.

भारत-पोलैंड दोस्ती को नई उड़ान: पीएम मोदी बोले- एफटीए से खुलेंगे अवसर, टस्क ने कहा- मोदी को दोस्त कहने पर गर्व

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टस्क की दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों देशों ने व्यापार, रक्षा और तकनीक में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। भारत-EU FTA से व्यापार को 10 अरब डॉलर तक पहुंचाने की उम्मीद है।

भारत-पोलैंड दोस्ती को नई उड़ान: पीएम मोदी बोले- एफटीए से खुलेंगे अवसर, टस्क ने कहा- मोदी को दोस्त कहने पर गर्व
X

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, तकनीक और आर्थिक सहयोग सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा की। बैठक के बाद संयुक्त प्रेस वार्ता में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) से भारत-पोलैंड संबंधों के लिए नए अवसर खुलेंगे।

मोदी ने कहा कि भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत और यूरोपीय बाजारों के साथ मजबूत होते संबंध दोनों देशों के बीच सहयोग को नई दिशा दे सकते हैं। वहीं, डोनाल्ड टस्क ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना मित्र कहने पर गर्व जताया और कहा कि भारत तथा पोलैंड के हितों में कोई टकराव नहीं है।

रणनीतिक साझेदारी को मिली नई गति

प्रधानमंत्री मोदी ने 2024 में अपनी पोलैंड यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था। इसके बाद पिछले दो वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए कई प्रयास किए गए हैं।

मोदी के मुताबिक, भारत और पोलैंड के रिश्ते केवल कूटनीतिक सहयोग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके पीछे साझा मानवीय मूल्यों और ऐतिहासिक संबंधों की भी अहम भूमिका है।

द्वितीय विश्व युद्ध की दोस्ती का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान पोलैंड के लोगों को भारत में मिले आश्रय का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जामनगर और कोल्हापुर के शाही परिवारों ने उस दौर में हजारों पोलिश बच्चों और परिवारों की मदद की थी। मोदी ने इस ऐतिहासिक प्रसंग को दोनों देशों के बीच लंबे समय से कायम मानवीय रिश्तों का प्रतीक बताया।

व्यापार 10 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य

भारत और पोलैंड के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाना इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है। पोलैंड के पूर्व राजदूत एडम बुराकोव्स्की के अनुसार, दोनों देश सालाना द्विपक्षीय व्यापार को लगभग छह अरब डॉलर से बढ़ाकर 10 अरब डॉलर तक ले जाना चाहते हैं।

इसके लिए कारोबारी साझेदारी, निवेश और व्यापारिक मंचों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रक्षा और अंतरिक्ष तकनीक भी सहयोग के संभावित प्रमुख क्षेत्र हैं। भारत-EU मुक्त व्यापार समझौता आर्थिक संबंधों को विस्तार देने में मददगार हो सकता है।

राजघाट पहुंचे टस्क, जयशंकर से भी हुई मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात से पहले डोनाल्ड टस्क ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी उनसे मुलाकात कर विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर चर्चा की।

टस्क की भारत यात्रा 21 से 23 अक्टूबर तक निर्धारित है। नई दिल्ली में भारत-पोलैंड बिजनेस फोरम में भाग लेने के बाद वह बेंगलुरु जाएंगे, जहां सूचना प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे।

2010 के बाद पोलिश प्रधानमंत्री का भारत दौरा

डोनाल्ड टस्क की यह यात्रा 2010 के बाद किसी पोलिश प्रधानमंत्री की पहली भारत यात्रा है। दोनों देशों को उम्मीद है कि इस दौरे से रणनीतिक साझेदारी मजबूत होगी और व्यापार, निवेश तथा तकनीकी सहयोग को नई गति मिलेगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it