Top
Begin typing your search above and press return to search.

राष्ट्रपति मुर्मू से आज रात 8 बजे मिलेंगे विपक्षी सांसद, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सौंपेंगे ज्ञापन

INDIA ब्लॉक के 10 विपक्षी सांसद आज रात 8 बजेराष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। प्रतिनिधिमंडल SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर ज्ञापन सौंपेगा।

राष्ट्रपति मुर्मू से आज रात 8 बजे मिलेंगे विपक्षी सांसद, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सौंपेंगे ज्ञापन
X

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बीच INDIA ब्लॉक के सांसद आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति भवन की ओर से 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात का समय दिया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, बैठक शाम 8 बजे प्रस्तावित है। विपक्षी नेता राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण और चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी अपनी आपत्तियां रखेंगे।

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ज्ञापन सौंपने की तैयारी

विपक्षी दलों का कहना है कि वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग राष्ट्रपति के सामने रखेंगे। INDIA ब्लॉक के नेता पिछले कई दिनों से राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांग रहे थे। गुरुवार को विपक्षी सांसदों ने दिल्ली के राजघाट पर भी प्रदर्शन किया था और इससे पहले लगातार दो दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर मार्च की कोशिश की गई थी।

विपक्ष SIR के जरिए मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठा रहा है। वहीं चुनाव आयोग और सत्तारूढ़ पक्ष विपक्ष के आरोपों को खारिज करते रहे हैं। ऐसे में राष्ट्रपति से होने वाली मुलाकात को विपक्ष की ओर से अपने पक्ष को संवैधानिक स्तर पर रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

10 सांसदों के प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन?

राष्ट्रपति से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत INDIA ब्लॉक के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। विपक्ष ने 15 सांसदों के प्रतिनिधिमंडल की अनुमति मांगी थी, लेकिन फिलहाल 10 नेताओं को मिलने की मंजूरी मिली है।

इससे पहले विपक्ष ने सभी सांसदों को दोपहर 3 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में जुटने के लिए कहा है। यहां प्रस्तावित ज्ञापन पर सांसदों के हस्ताक्षर लिए जाने की योजना है।

राष्ट्रपति भवन तक मार्च पर भी नजर

राष्ट्रपति से मुलाकात से पहले विपक्ष ने संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च का कार्यक्रम भी रखा था। हालांकि, मुलाकात का समय मिलने के बाद मार्च के स्वरूप को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए मध्य दिल्ली और चुनाव आयोग के आसपास सुरक्षा बढ़ाई है।

इस बीच दिल्ली में सीजेपी के 10 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, इस प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों की तैनाती की तैयारी है।

INDIA ब्लॉक का कहना है कि एसआईआर और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर उसकी मुहिम जारी रहेगी। वहीं सरकार और चुनाव आयोग की ओर से इन आरोपों पर अलग रुख सामने आया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it