Top
Begin typing your search above and press return to search.

देश में अभी नहीं थमेगी बारिश, 5 चक्रवाती सिस्टम सक्रिय; कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बरसेंगे बदरा

IMD के मुताबिक देश में पांच चक्रवाती सिस्टम समेत कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और कई राज्यों में बारिश के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाओं का अलर्ट है।

देश में अभी नहीं थमेगी बारिश, 5 चक्रवाती सिस्टम सक्रिय; कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बरसेंगे बदरा
X
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी शुरू हो चुकी है, लेकिन बारिश का दौर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, देश के अलग-अलग हिस्सों में कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, जिनके कारण दक्षिणी, पूर्वोत्तर और कुछ मध्य भारतीय राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है। कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

देश में एक साथ सक्रिय हैं कई मौसमी सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय देश में पांच चक्रवाती परिसंचरण समेत कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। म्यांमार के तटीय क्षेत्र और उससे सटे बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब धीरे-धीरे कमजोर होकर उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वोत्तर असम, बंगाल की खाड़ी, अरब सागर और दक्षिण भारत के आसपास अलग-अलग चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं।

दक्षिणी तेलंगाना से मन्नार की खाड़ी और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक से तमिलनाडु तक ट्रफ रेखाएं भी मौसम को प्रभावित कर रही हैं। इन प्रणालियों के कारण कई राज्यों में बादल, बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

इन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

IMD के अनुसार, 29 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। 29 सितंबर से 1 अक्टूबर के दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।

पूर्वोत्तर राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दक्षिण भारत में 60 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं

दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में अगले चार से पांच दिनों तक तमिलनाडु, केरल, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान बिजली चमकने के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

अंडमान-निकोबार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार में 29 सितंबर से 5 अक्टूबर तक कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात में 29 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच छिटपुट बारिश के आसार हैं।

दिल्ली-NCR में अब मौसम रहेगा मुख्य रूप से साफ

दिल्ली-NCR में पिछले 24 घंटों में हल्की बारिश के बाद तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। IMD के अनुसार, 30 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच दिल्ली-NCR में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it