यूपी-दिल्ली समेत 15 राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट, तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी
IMD ने यूपी, दिल्ली, बिहार समेत 15 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। जानिए किन राज्यों में कब और कितना असर दिखाएगा मॉनसून।

कम दबाव का क्षेत्र बढ़ाएगा बारिश की रफ्तार
IMD के मुताबिक, पश्चिम बंगाल और ओडिशा तट के पास सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र मॉनसून को अतिरिक्त मजबूती दे रहा है। इसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत में व्यापक बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून गुजरात, मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के अधिकांश क्षेत्रों तक पहुंच सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मॉनसून की सक्रियता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 3 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज आंधी चलने की संभावना जताई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अधिकतम तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है, जिससे उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लखनऊ, अयोध्या, गोंडा, बाराबंकी, रायबरेली, गोरखपुर और संतकबीरनगर में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। वहीं मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली, कानपुर, उन्नाव, फिरोजाबाद और बांदा में भी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की गई है।
बिहार, झारखंड और राजस्थान में भी अलर्ट
बिहार के पटना, बक्सर, कैमूर, भोजपुर, कटिहार, किशनगंज, खगड़िया और मुंगेर में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। झारखंड के कई जिलों में भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा, भरतपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, अजमेर और अलवर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
महाराष्ट्र, गुजरात और पश्चिमी तट पर भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र, कोंकण, सौराष्ट्र, कच्छ और दक्षिण गुजरात में 3 से 6 जुलाई के बीच भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल में भी अगले पांच से छह दिनों तक मॉनसून सक्रिय रहेगा, जिससे कई जिलों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने का खतरा बढ़ गया है। देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर में 4 से 8 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी, चंबा, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना और किन्नौर में भी 5 से 9 जुलाई के बीच भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, कठुआ, डोडा, राजौरी, पुलवामा, कुलगाम, बारामूला, अनंतनाग और पुंछ में भी आगामी दिनों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों पर बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।


