यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में अगले 7 दिनों तक होगी भारी बारिश, जानिए कहां-कहां बरसेंगे बादल
IMD ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में अगले 7 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जानिए कहां-कहां होगी मूसलाधार बारिश।

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों के लिए अगले सात दिनों का विस्तृत वर्षा पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्र में बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर हो गया है, लेकिन इसके प्रभाव से पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
यूपी, बिहार और उत्तर भारत में तेज बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, 18 से 23 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में व्यापक बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में भी पूरे सप्ताह भारी वर्षा का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। वहीं हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में भी अलग-अलग दिनों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी आगामी दिनों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 20 से 23 जुलाई के बीच तेज हवाओं, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वी और मध्य भारत में छत्तीसगढ़ तथा ओडिशा के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी लगातार वर्षा का दौर बना रहेगा।
बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी असर
बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के मैदानी क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश का अनुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 18 और 19 जुलाई को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं का भी खतरा बना रहेगा।
पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार बरसेंगे बादल
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले कई दिनों तक व्यापक वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पश्चिम और दक्षिण भारत का मौसम
कोंकण, गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी कई स्थानों पर बारिश जारी रहने का अनुमान है। दक्षिण भारत के तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी अगले सप्ताह तक कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 22 और 23 जुलाई को केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी तेज वर्षा की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।


