Top
Begin typing your search above and press return to search.

दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश के बीच IMD ने यूपी, बिहार, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट
X
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह से हो रही लगातार बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दिलाई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है।

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत में तेज बारिश के आसार

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 5 और 6 अगस्त के दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना है। राजधानी में सुबह से जारी बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और अगले कुछ घंटों में वर्षा की तीव्रता बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

उत्तर प्रदेश में भी मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 7 अगस्त और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 अगस्त को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भारी वर्षा की चेतावनी

पर्वतीय राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आईएमडी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद क्षेत्र में 5 अगस्त तथा 9 से 11 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश में 5 से 11 अगस्त तक लगातार बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। वहीं उत्तराखंड में 6 से 11 अगस्त के बीच भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ भूस्खलन और अचानक जलभराव जैसी स्थितियां बनने की आशंका व्यक्त की गई है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी मध्य प्रदेश में 5, 6 और 8 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है, जबकि 7 अगस्त को कुछ स्थानों पर अति भारी वर्षा की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में भी 5 और 8 अगस्त को भारी बारिश तथा 6 और 7 अगस्त को अत्यधिक वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

छत्तीसगढ़ में 5 से 8 अगस्त तक लगातार बारिश का दौर बना रह सकता है, जिससे कई नदियों का जलस्तर बढ़ने की संभावना है।

बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए भी अलर्ट

बिहार में 6 अगस्त को झमाझम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा झारखंड में 5 से 8 अगस्त, गंगीय पश्चिम बंगाल में 5 और 7 अगस्त, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 6 अगस्त को भारी वर्षा का अनुमान है।

पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 से 11 अगस्त के बीच व्यापक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

ओडिशा में फिर शुरू होगा बारिश का नया दौर

आईएमडी ने ओडिशा में बुधवार से बारिश का नया दौर शुरू होने का अनुमान व्यक्त किया है। राज्य के कई जिले अब भी हालिया बाढ़ से प्रभावित हैं। जाजपुर, भद्रक और जगतसिंहपुर के कई गांवों में पानी अब तक नहीं उतरा है और बड़ी संख्या में लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि 5 अगस्त से शुरू होने वाला यह बारिश का सिलसिला 10 अगस्त तक जारी रह सकता है।

मौसम विभाग ने सभी प्रभावित राज्यों के लोगों से स्थानीय प्रशासन और आधिकारिक मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने तथा खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it