Top
Begin typing your search above and press return to search.

हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग, बाल-बाल बचे; सोशल मीडिया पर धमकी से सनसनी

हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग की गई। हमले में वह बाल-बाल बच गए। सोशल मीडिया पर धमकी और जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट भी सामने आई।

हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग, बाल-बाल बचे; सोशल मीडिया पर धमकी से सनसनी
X
चंडीगढ़हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। मशहूर सिंगर दिलेर खरकिया की Range Rover गाड़ी पर कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इस दौरान दिलेर खरकिया गाड़ी में मौजूद थे और हमले में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर धमकी

घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित नाम से एक पोस्ट सामने आई। पोस्ट में दावा किया गया कि दिलेर खरकिया की गाड़ी पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी हिमांशु सोनीपत, हैरी बॉक्सर, हरमन संधू और अनिल पंडित लेते हैं।

पोस्ट में सिंगर को कथित तौर पर धमकी भी दी गई। इसमें कहा गया कि अगर कॉल का जवाब नहीं दिया गया तो गोली मारने की बात कही गई। सोशल मीडिया पर सामने आए इस दावे के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।

हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि फायरिंग में वास्तव में कौन लोग शामिल थे और हमले के पीछे क्या वजह थी।

दिलेर खरकिया कौन हैं?

दिलेर खरकिया हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सिंगर के साथ-साथ एक्टर और मॉडल के तौर पर भी पहचान रखते हैं। वह मशहूर रागनी कलाकार राजेंद्र खरकिया के बेटे हैं। संगीत से उनका जुड़ाव बचपन से रहा है। पिता से प्रेरणा लेकर उन्होंने महज 9 साल की उम्र में रागनी कार्यक्रमों में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था।

इसके बाद उन्होंने हरियाणवी संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। साल 2018 में उन्होंने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा और कई लोकप्रिय गाने दिए।

इन गानों से मिली पहचान

दिलेर खरकिया के चर्चित गानों में ‘लीलो चमन’, ‘मोटो’, ‘जूती काली’, ‘हाईकोर्ट’, ‘कबूतरी’ और ‘आलू मटर’ जैसे गाने शामिल हैं। हरियाणवी संगीत के दर्शकों के बीच उनके गानों को काफी पसंद किया जाता है।

फिलहाल फायरिंग की घटना के बाद सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की सत्यता, हमलावरों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it