गाजियाबाद में दिल दहला देने वाला डबल मर्डर, दो सगे भाइयों पर माता-पिता की हत्या का आरोप
गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में दो सगे भाइयों पर अपने माता-पिता की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर घरेलू विवाद और संपत्ति विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी भाई दीपक और ललित अपने माता-पिता के साथ भीम नगर स्थित घर में रहते थे। देर रात किसी बात को लेकर परिवार के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि दोनों भाइयों ने अपने माता-पिता पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दंपति को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि डॉक्टरों ने उपचार के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बेरोजगारी को लेकर होता था विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार में लंबे समय से तनाव का माहौल था। मृतक गंगाशरण अखबार की एजेंसी चलाते थे, जबकि दोनों बेटे बेरोजगार बताए जा रहे हैं। पड़ोसियों का कहना है कि पिता अक्सर बेटों को नौकरी करने और जिम्मेदारी उठाने की सलाह देते थे, जिस कारण घर में विवाद होता रहता था।
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों की शादी हो चुकी है और उनके बच्चे भी हैं, लेकिन बेरोजगारी और पारिवारिक विवाद के चलते उनकी पत्नियां और बच्चे अलग रहते थे। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या विवाद की जड़ केवल घरेलू कलह थी या इसके पीछे संपत्ति से जुड़ा कोई मामला भी था।
रात में सुनाई दी थीं चीखें
आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि घटना वाली रात घर से झगड़े और चीख-पुकार की आवाजें आ रही थीं। एक किरायेदार ने स्थिति गंभीर होते देख पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
दोनों भाइयों से पूछताछ जारी
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह और संपत्ति विवाद की आशंका सामने आई है, हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


