गणेश चतुर्थी पर जमकर बरसेगा मॉनसून, यूपी-दिल्ली समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
गणेश चतुर्थी पर यूपी-दिल्ली समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। बिहार में बाढ़ और उत्तराखंड में लैंडस्लाइड के चलते केदारनाथ यात्रा रोकी गई।

15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
गंगा, गंडक, नर्मदा और कोसी समेत कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसके चलते निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
यूपी के 25 से ज्यादा जिलों में बारिश का अनुमान
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के कारण गंगा समेत कई नदियां उफान पर हैं। राज्य के करीब 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। सोमवार को मेरठ, अलीगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, उन्नाव, सुल्तानपुर, गाजीपुर, बांदा, प्रयागराज, वाराणसी, देवरिया, गोंडा, गोरखपुर, लखनऊ, इटावा, कानपुर और झांसी समेत कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है।
बिहार में 44 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित
बिहार में भी बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राज्य के 14 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है और 44 लाख से ज्यादा लोगों के प्रभावित होने की बात सामने आई है। लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, सीवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्णिया, दरभंगा और मधुबनी में बारिश के आसार हैं।
लैंडस्लाइड से केदारनाथ यात्रा पर ब्रेक
उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच चीरबासा इलाके में लैंडस्लाइड और लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। यात्रियों को सुरक्षा के लिहाज से गौरीकुंड और रुद्रप्रयाग में रोका गया है। मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, हरिद्वार, ऋषिकेश और नैनीताल में बारिश की संभावना जताई है।
महाराष्ट्र में गणेश उत्सव के बीच बारिश
गणेश चतुर्थी से पहले महाराष्ट्र में मुंबई और पुणे समेत कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। मुंबई में लोगों को प्रतिमा लेकर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दिनभर बारिश जारी रहने का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में फिर छाए बादल
दिल्ली-एनसीआर में बारिश पर ब्रेक लगने के बाद उमस बढ़ गई है। हालांकि सोमवार सुबह से कई इलाकों में बादल छाए हैं और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।


