नोएडा में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारियों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस पर पथराव; गाड़ियों में लगाई आग
वेतन वृद्धि की मांग को लेकर नोएडा में कई कंपनियों के कर्मचारी सड़कों पर उतर आए हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। गुस्साए कर्मचारियों ने कई इलाकों में रोड जाम कर दिया है। फेज 2 में प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव किया है।

नोएडा। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार को कई कंपनियों के कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। पिछले तीन से चार दिनों से जारी इस विरोध प्रदर्शन ने सोमवार को उग्र रूप ले लिया, जब गुस्साए कर्मचारियों ने कई प्रमुख सड़कों पर जाम लगा दिया और यातायात व्यवस्था को ठप कर दिया। फेज 2 में चल रहे प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव किया। आक्रोशित भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़े।
पिछले तीन से चार दिनों से अपनी मांगों को लेकर कर्मचारी सड़कों पर उतर रहे हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सैलरी 13 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये करना, ओवरटाइम का भुगतान और छुट्टियों का अलग प्रावधान शामिल है। सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी और कई जगह गाड़ियों के आगे लेटकर यातायात रोक दिया। कुलेसरा से फेज-2 तक मार्च निकालते हुए कर्मचारी एकत्र हुए। मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा रहा। सेक्टर 60 में कर्मचारियों ने रोड जाम कर नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया।
इस प्रदर्शन के कारण नोएडा के कई इलाकों में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और कई लोग अपने गंतव्यों तक समय पर नहीं पहुंच पाए। खासकर दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वाहनों में तोड़फोड़-आगजनी
प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। भीड़ हिंसक हो उठी। कंपनी के आसपास कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। तोड़फोड़ की गई। यहां तक कि पुलिस पर भी पथराव होने लगा। पुलिस की गाड़ियों को में तोड़फोड़ की गई। एक जिप्सी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त करके पलट दिया गया। हिंसक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज करके भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की।
दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण जाम
फेज-2 के अलावा सेक्टर 15 और 62 में भी श्रमिकों ने हंगामा किया। जिसकी वजह से दिल्ली मेरठ-एक्सप्रेसवे समेत नोएडा में कई जगह भीषण जाम लग गया और लोगों को आवाजाही में काफी समस्या हुई। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर तो घंटों लोग फंसे रहे।गाजियाबाद पुलिस ने भीषण जाम को देखते हुए एडवाइजरी जारी की। इसमें कहा गया कि सेक्टर 62 नोएडा NH 9 पर दिल्ली जाने वाली साइड रोड पर इंडस्ट्रियल कर्मचारियों के द्वारा प्रदर्शन कर जाम किया गया है, यातायात का दबाव उत्पन्न हो गया है। पुलिस बल मौके पर मौजूद है। यातायात पुलिस गाजियाबाद द्वारा ABES तथा विजयनगर बाईपास से आवश्यक डायवर्जन किया जा रहा है। असुविधा से बचने के लिए कृपया वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
एक दिन पहले ही डीएम ने जारी की थी अपील
एक दिन पहले ही डीएम मेधा रूपम ने एक संदेश जारी करते हुए श्रमिकों से अपील करते हुए कहा था कि जिले में सौहार्द व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में करें सहयोग। अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा था कि श्रमिकों के हितों की सुरक्षा, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान,बोनस,साप्ताहिक अवकाश एवं कार्यस्थल सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा रहा है और इसके लिए निर्देश जारी किए गए हैं।
मजदूरों का उग्र प्रदर्शन, योगी प्रशासन अलर्ट पर
नोएडा में मजदूरों के उग्र प्रदर्शन के कई वीडियो सामने आ रहे हैं। नोएडा फेस-2 के एक वीडियो में उग्र मजदूर पुलिस वेन में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। मजदूरों ने पुलिस पुलिस वेन को पलट दिया और उसमें आग लगा दी। मजदूर जमकर पथराव करते हुए भी नजर आ रहे हैं। बता दें कि वेतन बढ़ाए जाने की मांग को लेकर नोएडा में मजदूर पिछले कुछ दिनों से उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसे लेकर योगी प्रशासन भी अब अलर्ट हो गया है।
यूपी के गौतम बुद्ध नगर में पिछले तीन दिनों से जारी श्रमिकों के उग्र आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गए हैं। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने रविवार को उद्योगपतियों और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की, जबकि सोमवार को प्रस्तावित प्रदर्शनों के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित प्रदर्शन को देखते हुए सेक्टर, जोनल और 'स्टेटिक मजिस्ट्रेट' की तैनाती की गई है। कुछ संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष रूप से अधिकारियों को तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


