बकरीद पर महाराष्ट्र के दुर्गाड़ी किले में विवाद, नमाज के दौरान मंदिर बंद करने पर हंगामा, भारी पुलिस बल तैनात
महाराष्ट्र के कल्याण स्थित दुर्गाड़ी किले में बकरीद के दौरान नमाज के समय मंदिर बंद करने के आरोप पर विवाद बढ़ गया। शिवसेना और हिंदू संगठनों के विरोध के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

दुर्गाड़ी किला लंबे समय से धार्मिक संवेदनशीलता का केंद्र रहा है, क्योंकि परिसर में एक ओर ईदगाह मौजूद है तो वहीं दूसरी ओर प्रसिद्ध दुर्गादेवी मंदिर भी स्थित है। आरोप है कि हर साल बकरीद के अवसर पर नमाज के दौरान मंदिर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाता है और श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगाई जाती है।
नमाज के दौरान बढ़ा विवाद
गुरुवार सुबह जब ईदगाह में नमाज अदा की जा रही थी, तब प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए किले के कुछ हिस्सों में आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी। इसी को लेकर हिंदू संगठनों और शिवसेना कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मंदिर में पूजा-अर्चना करने आने वाले श्रद्धालुओं को रोका जाना गलत है।
स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए और किले के आसपास बैरिकेडिंग कर दी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
शिवसेना ने की महा आरती
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे गुट) के नेता विजय साल्वी की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने किले के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान महा आरती का आयोजन भी किया गया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में भगवा झंडे लेकर नारेबाजी की और हिंदुओं को बिना रोक-टोक मंदिर में प्रवेश देने की मांग उठाई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दुर्गाड़ी किले को लेकर हर साल बकरीद के दौरान विवाद की स्थिति बनती है। एडीसीपी संजय जाधव ने कहा कि पिछले 30 से 40 वर्षों से यहां इस तरह के विरोध प्रदर्शन होते रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने इस बार भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं ताकि नमाज और विरोध प्रदर्शन दोनों शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें।
भाजपा नेता हिरासत में
इस मामले में पुलिस ने भाजपा नगर सेवक महेश पाटिल को हिरासत में लिया है। महेश पाटिल ने मांग की थी कि हिंदू श्रद्धालुओं को किले में प्रवेश की अनुमति दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो कार्यकर्ता वहां हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया।


