डोमिनिकन रिपब्लिक में विमान हादसा, इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान क्रैश हुआ प्राइवेट जेट; दोनों पायलटों की मौत
डोमिनिकन रिपब्लिक के ला रोमाना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक निजी बिजनेस जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान विमान में आग लग गई, जिससे पायलट और सह-पायलट की मौत हो गई।

सैंटो डोमिंगो।डोमिनिकन रिपब्लिक के ला रोमाना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। अमेरिका में पंजीकृत एक निजी बिजनेस जेट इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और कुछ ही पलों में आग की लपटों में घिर गया। इस हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। राहत की बात यह रही कि विमान में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जनहानि टल गई।
रनवे पर फिसलने के बाद लगी भीषण आग
प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में विमान को आपातकालीन लैंडिंग का प्रयास करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में विमान तेज गति से रनवे पर घिसटता नजर आता है। इसके बाद वह रनवे से बाहर निकलकर हवाई अड्डे के घास वाले हिस्से में पहुंच गया और देखते ही देखते आग के विशाल गोले में तब्दील हो गया।
हादसे के तुरंत बाद दमकल और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि तब तक विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।
पायलट और सह-पायलट की गई जान
डोमिनिकन नागरिक उड्डयन संस्थान (IDAC) ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान में केवल पायलट और सह-पायलट ही सवार थे। दोनों की हादसे में मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, यह विमान दो इंजन वाला गल्फस्ट्रीम G200 बिजनेस जेट था, जिसे अमेरिका में N318JF पंजीकरण संख्या आवंटित की गई थी।
टेक्सास जा रही थी उड़ान
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान ला रोमाना से अमेरिका के टेक्सास राज्य के ऑस्टिन शहर के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही चालक दल ने तकनीकी समस्या की सूचना दी और विमान को वापस हवाई अड्डे पर लाने का फैसला किया।
तकनीकी खराबी बनी हादसे की वजह?
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि विमान में गंभीर यांत्रिक खराबी आ गई थी। बताया गया है कि जब विमान ला रोमाना से लगभग 16 समुद्री मील दक्षिण-पश्चिम की ओर था, तब पायलटों ने आपात स्थिति की सूचना दी थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल इमरजेंसी लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन विमान सुरक्षित उतर नहीं सका और दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
विमानन अधिकारियों ने हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फ्लाइट डेटा और तकनीकी रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।


