Top
Begin typing your search above and press return to search.

दिवाली-छठ पर घर जाने की टेंशन खत्म! बिना रिजर्वेशन चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, देखें रूट और टाइमिंग

दिवाली और छठ पूजा पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने अनारक्षित और आरक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। दिल्ली, बिहार, यूपी और श्रीनगर-कटरा के रूट पर देखें पूरी डिटेल।

दिवाली-छठ पर घर जाने की टेंशन खत्म! बिना रिजर्वेशन चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, देखें रूट और टाइमिंग
X

नई दिल्ली। दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत भरी घोषणा की है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने कई अनारक्षित और आरक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि कुछ ट्रेनों में सफर के लिए पहले से सीट आरक्षित कराने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, अनारक्षित ट्रेन में यात्रा करने के लिए वैध जनरल टिकट लेना अनिवार्य है।

दिल्ली से प्रयागराज और बिहार के लिए अनारक्षित ट्रेनें

रेलवे ने 5 से 15 नवंबर के बीच तीन अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। ये ट्रेनें अलग-अलग तारीखों पर कुल 14 फेरे लगाएंगी।

1. शकूरबस्ती-सुबेदारगंज स्पेशल (04420/04419)

दिल्ली से प्रयागराज और कानपुर जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन उपयोगी होगी। ट्रेन नंबर 04420 शकूरबस्ती से 6 और 7 नवंबर को शाम 6:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:30 बजे सुबेदारगंज पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04419 सुबेदारगंज से 7 और 8 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे चलेगी और अगले दिन रात 2:40 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। रास्ते में गाजियाबाद, खुर्जा, अलीगढ़, टूंडला, इटावा और कानपुर सेंट्रल सहित कई स्टेशनों पर ठहराव होगा।

2. सरहिंद-सहरसा स्पेशल (04530/04529)

बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन पंजाब से सहरसा तक चलेगी। ट्रेन नंबर 04530 सरहिंद से 6, 10 और 14 नवंबर को सुबह 11:25 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 5 बजे सहरसा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04529 सहरसा से 7, 11 और 15 नवंबर को शाम 7:15 बजे चलेगी। इसका निर्धारित आगमन अगले दिन रात 10:20 बजे अंबाला कैंट है। रास्ते में सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, गोरखपुर, सिवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जैसे स्टेशन आएंगे।

दिल्ली से गोरखपुर और छपरा के लिए आरक्षित ट्रेनें

उत्तर रेलवे ने दिल्ली-एनसीआर से पूर्वांचल और बिहार जाने वालों के लिए आरक्षित स्पेशल सेवाएं भी निर्धारित की हैं। नई दिल्ली-गोरखपुर स्पेशल (04022/04021) दिल्ली से 6 और 13 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी। वापसी में गोरखपुर से 7 और 14 नवंबर को सुबह 7 बजे चलेगी।

वहीं, आनंद विहार टर्मिनल-छपरा स्पेशल (04058/04057) 3 से 17 नवंबर के बीच पांच-पांच फेरे लगाएगी। इस ट्रेन में एसी कोच उपलब्ध होंगे।

श्रीनगर-कटरा के बीच भी चलेंगी अनारक्षित ट्रेनें

जम्मू-कश्मीर में यात्रियों की सुविधा के लिए श्रीनगर और माता वैष्णो देवी कटरा के बीच 5 और 6 नवंबर को अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। ट्रेन नंबर 04690 श्रीनगर से सुबह 11:45 बजे रवाना होकर दोपहर 3:30 बजे कटरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04689 कटरा से शाम 4 बजे चलकर रात 7:45 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में बनिहाल और अनंतनाग स्टेशन पर ठहराव होगा।

त्योहारों पर 18 हजार स्पेशल ट्रेनें चला रहा रेलवे

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के बयान के मुताबिक, इस साल दिवाली और छठ पूजा के दौरान देशभर में करीब 18 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। पिछले साल यह संख्या लगभग 12 हजार थी। रेलवे का उद्देश्य त्योहारों पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालना और उन्हें घर पहुंचने के लिए अधिक विकल्प उपलब्ध कराना है।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर से पहले ट्रेन की तारीख, समय और ठहराव की जानकारी जरूर जांच लें। आरक्षित टिकट IRCTC या रेलवे काउंटर से बुक किए जा सकते हैं। अनारक्षित ट्रेनों के लिए जनरल टिकट जरूरी है। ट्रेन की लाइव स्थिति NTES ऐप से देखी जा सकती है। किसी भी सहायता के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क किया जा सकता है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it