Top
Begin typing your search above and press return to search.

दिल्ली-यूपी समेत 8 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, राजस्थान-मध्य प्रदेश में चार दिन बदलेगा मौसम

दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा समेत 8 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट। राजस्थान और मध्य प्रदेश में अगले चार दिन मौसम बदलेगा, बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की चेतावनी।

दिल्ली-यूपी समेत 8 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, राजस्थान-मध्य प्रदेश में चार दिन बदलेगा मौसम
X

नई दिल्ली। उत्तर भारत में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इन राज्यों में बारिश के कारण तापमान नियंत्रित रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

दिल्ली-एनसीआर और यूपी में बारिश का दौर जारी

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 22 जून तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में 25 जून तक रुक-रुक कर बारिश की संभावना बनी हुई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 से 24 जून के बीच बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

राजस्थान में धूलभरी आंधी और भारी बारिश की चेतावनी

राजस्थान में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। पश्चिमी राजस्थान में 24 और 25 जून को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 20 जून को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने कई इलाकों में धूलभरी आंधी की भी चेतावनी दी है।

हिमाचल और उत्तराखंड में मौसम रहेगा सक्रिय

हिमाचल प्रदेश में 22 से 25 जून तथा उत्तराखंड में 19 से 25 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बरसेंगे बादल

मध्य प्रदेश में 19 से 25 जून तक कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 से 23 जून के दौरान आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान है।

बिहार-झारखंड में आगे बढ़ेगा मानसून

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 23 जून के आसपास बिहार, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। वहीं पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it