दिल्ली के पालम इलाके में लगी भीषण आग में अब तक 9 लोगों की मौत, कई अन्य घायल
दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। एक मकान में लगी आग में कम से कम 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य जख्मी बताए जा रहे हैं।

नई दिल्ली। दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। एक मकान में लगी आग में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य जख्मी बताए जा रहे हैं। आग में एक ही परिवार के कई लोग फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दमकल विभाग की 30 गाड़ियों को आग बुझाने में लगाया गया था।
दिल्ली फायर सर्विस को पालम के साध नगर इलाके में एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली। जिसके बाद मौके पर 30 गाड़ियों को भेजा गया। दिल्ली पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। इमारत में करीब 9 लोगों के फंसने की बात सामने आई, जिन्हें बचाने के लिए कोशिशें शुरू की गईं। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, आग तेजी से फैली और इमारत के अंदर धुएं का गुबार छा गया। इस कारण अंदर रह रहे लोग बाहर नहीं निकल पाए और मदद के लिए पुकारने लगे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 30 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। आग बिल्डिंग के एक हिस्से में शुरू हुई, लेकिन देखते ही देखते धुआं पूरे परिसर में फैल गया, जिससे एक परिवार के सदस्य अंदर फंस गए थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
बच्चों को बचाने के लिए जोखिम में डाली जान
इमारत में लगी भीषण आग के बीच जब धुआं तेजी से फैल रहा था और दम घुटने का खतरा मंडरा रहा था, तब अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए परिवार के सदस्यों ने अपनी जान जोखिम में डाल दी। इस भयावह मंजर के बीच, दो छोटे बच्चों की जान बचाने के लिए उन्हें पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया गया, जहां नीचे खड़े लोगों ने उन्हें सुरक्षित पकड़कर अस्पताल पहुंचाया।
आग लगने की घटना सुबह लगभग 6:40 बजे हुई, जब अधिकांश लोग गहरी नींद में सो रहे थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और धुआं पूरे मकान में फैल गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मुख्यमंत्री घटना की जांच के आदेश दिए
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के पालम क्षेत्र स्थित एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में लगी आग की घटना की मजिस्ट्रेट से जांच कराने के आदेश दिए गए हैं। गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आवासीय भवन में आग लगने के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन, दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) और दिल्ली पुलिस बचाव अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं।


