Top
Begin typing your search above and press return to search.

दिल्ली में बारिश का रेड अलर्ट, एनसीआर में झमाझम बारिश से बदला मौसम; कल भी बरसेंगे बादल

दिल्ली-NCR में सोमवार को तेज बारिश के साथ मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया। जानिए मंगलवार और आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल और बारिश का अनुमान।

दिल्ली में बारिश का रेड अलर्ट, एनसीआर में झमाझम बारिश से बदला मौसम; कल भी बरसेंगे बादल
X

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। राजधानी दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। बारिश के बीच मौसम विभाग ने दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया। तेज बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।

दोपहर बाद बदला मौसम, कई इलाकों में तेज बारिश

मौसम विभाग ने सोमवार सुबह ही दिल्ली-एनसीआर में मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। दोपहर बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम के कई हिस्सों में भी जोरदार बारिश दर्ज की गई।

बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली। हालांकि, कई निचले इलाकों में पानी जमा होने से यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने रात के समय भी दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।

तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय, बढ़ी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। मानसून ट्रफ बीकानेर, दतिया, उत्तरी मध्य प्रदेश, डाल्टनगंज और दीघा से होकर दक्षिण-पूर्व की दिशा में बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके कारण बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं उत्तर भारत की ओर पहुंच रही हैं।

इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ के रूप में एक ट्रफ और दक्षिण-पूर्वी हिमाचल प्रदेश तथा आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इन प्रणालियों के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

मंगलवार को कैसा रहेगा दिल्ली-NCR का मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहेंगे और अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। शाम या रात में भी हल्की बारिश या फुहारें पड़ने की संभावना है।

इसके बाद 12 और 13 अगस्त को बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश जारी रह सकती है। 14 अगस्त को भी बादल छाए रहने तथा सुबह से शाम के बीच अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है।

15 और 16 अगस्त को भी बारिश के आसार

15 अगस्त को दिल्ली में सुबह और दोपहर के समय हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। 16 अगस्त को भी राजधानी और एनसीआर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं।

तापमान की बात करें तो 11, 12, 13 और 16 अगस्त को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 33 से 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 14 और 15 अगस्त को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it