Top
Begin typing your search above and press return to search.

मॉनसून से पहले बदलेगा मौसम, दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश के आसार, यूपी से राजस्थान तक आंधी का अलर्ट

दिल्ली-NCR, यूपी, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में मॉनसून से पहले तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी हुआ है। IMD ने अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की चेतावनी दी है।

मॉनसून से पहले बदलेगा मौसम, दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश के आसार, यूपी से राजस्थान तक आंधी का अलर्ट
X

नई दिल्ली। उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच मौसम अब करवट लेने जा रहा है। मॉनसून के आने से पहले ही दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश और तेज आंधी का दौर शुरू होने वाला है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के लिए कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इसका असर पहाड़ी राज्यों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी दिखाई देगा। दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दिल्ली-NCR और यूपी में बारिश का अलर्ट

IMD के मुताबिक, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, बागपत और हापुड़ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 28 से 31 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक और तेज आंधी की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 29 मई के आसपास तेज आंधी और बारिश का अनुमान है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में बदलेगा मौसम

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। इन राज्यों में 28 और 29 मई को तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। राजस्थान के कई जिलों में धूल भरी आंधी चल सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 28 से 30 मई के बीच बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मॉनसून की रफ्तार धीमी

आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 1 जून के आसपास केरल पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी बताई जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मॉनसून 2 या 3 जून तक केरल तट पर पहुंच सकता है।

अल नीनो से कम बारिश के संकेत

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस साल अल नीनो के असर के चलते मॉनसून सीजन में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। खासकर अगस्त और सितंबर में इसका प्रभाव ज्यादा देखने को मिल सकता है। हालांकि जून महीने में बारिश की स्थिति सामान्य रहने की उम्मीद जताई गई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it