दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रेलर से टकराकर खाई में गिरी बस में लगी आग, 8 यात्रियों की दर्दनाक मौत
राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर से टकराकर बस खाई में गिर गई और उसमें आग लग गई। हादसे में 8 यात्रियों की मौत और 22 से अधिक लोग घायल हुए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

टक्कर के बाद बस में लगी आग, मची अफरा-तफरी
यह हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के रेस्ट एरिया के पास सुबह करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अधिकांश यात्री उस समय गहरी नींद में थे। टक्कर इतनी तेज थी कि बस की ऊपरी बर्थ पर सो रहे यात्री नीचे गिर पड़े। बस के खाई में गिरते ही उसके पिछले हिस्से में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें फैल गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कई यात्रियों को बाहर निकाला।
6 की आग में झुलसकर, 2 की सिर में चोट से मौत
पुलिस के मुताबिक, हादसे में 6 यात्रियों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि 2 अन्य की मौत गंभीर सिर की चोट लगने से हुई। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
सिगरेट के पैकेट से आग फैलने की आशंका
पुलिस ने बस और ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों का दावा है कि बस के स्टोरेज बॉक्स में बड़ी संख्या में सिगरेट के पैकेट रखे थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री और नेताओं ने जताया शोक
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट तलब की और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उपखंड अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे तथा उपचार व्यवस्था का जायजा लिया।
वहीं कांग्रेस सांसद मुरारी लाल मीणा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।


