Top
Begin typing your search above and press return to search.

दिल्ली में एच1एन1 के 2300 से ज्यादा मामले, सीएम रेखा गुप्ता ने बुलाई आपात बैठक

दिल्ली में H1N1 के 2,308 मामलों समेत करीब 3,000 इन्फ्लूएंजा केस सामने आए हैं। CM रेखा गुप्ता ने आपात बैठक बुलाई। स्वास्थ्य मंत्री ने स्थिति नियंत्रण में बताई।

दिल्ली में  एच1एन1 के 2300 से ज्यादा मामले, सीएम रेखा गुप्ता ने बुलाई आपात बैठक
X
नई दिल्ली। दिल्ली में एच1एन1 इन्फ्लूएंजा के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आपात समीक्षा बैठक बुलाई है। स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि राजधानी में इस साल अब तक इन्फ्लूएंजा के करीब 3,000 मामले सामने आए हैं। इनमें 2,308 मामले H1N1 संक्रमण के हैं। सरकार ने स्थिति की समीक्षा करते हुए अस्पतालों, दवाइयों, डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता का जायजा लिया है।

सीएम रेखा गुप्ता ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग

स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, एनडीएमसी और दिल्ली छावनी बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के बाद कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने H1N1, मौसमी इन्फ्लूएंजा और वेक्टर जनित बीमारियों को लेकर तैयारियों की समीक्षा के लिए आपात बैठक बुलाई है।

मंत्री के मुताबिक, अस्पतालों में डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मचारियों और दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से घबराने से बचने की अपील की और कहा कि स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।

एच1 एन1 के 2,308 मामले, डेंगू के भी 2,200 केस

पंकज सिंह ने बताया कि दिल्ली में H1N1 के 2,308 मामले सामने आए हैं, जबकि इन्फ्लूएंजा के दूसरे वैरिएंट के करीब 600 से 650 मामले दर्ज किए गए हैं। इस तरह राजधानी में कुल इन्फ्लूएंजा मामलों की संख्या करीब 3,000 है।

उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली में डेंगू के करीब 2,200 मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, अब तक इन संक्रमणों से किसी मौत की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों की स्थिति को लेकर भी फिलहाल कोई चिंताजनक जानकारी सामने नहीं आई है और किसी मरीज को वेंटिलेटर या आइसीयू में रखने की जरूरत नहीं पड़ी है।

क्या है एच1 एन1 और इसके लक्षण?

एच1 एन1 इन्फ्लूएंजा को आम तौर पर स्वाइन फ्लू के नाम से जाना जाता है। इसके सामान्य लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द और थकान शामिल हो सकते हैं। संक्रमण के लक्षण व्यक्ति-दर-व्यक्ति अलग-अलग हो सकते हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, लगातार तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी या सीने में दर्द जैसे गंभीर लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। दिल्ली सरकार का कहना है कि अस्पतालों में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है और स्थिति की नियमित निगरानी जारी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it