दिल्ली में ड्रग्स सरगना पार्वती गिरफ्तार, नोटों का ढेर और लाखों का सोना बरामद
दिल्ली में पुलिस ने ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ कर सरगना पार्वती समेत आरोपियों को गिरफ्तार किया। 1.204 किलो हेरोइन, 64.62 लाख कैश, सोना-चांदी और प्रॉपर्टी के दस्तावेज बरामद।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। आउटर नॉर्थ जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड ने कार्रवाई के दौरान एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान 42 वर्षीय पार्वती के रूप में हुई है, जो लंबे समय से नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़ी थी।
किराए के मकान में बॉडीगार्ड के साथ रहती थी पार्वती
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 को एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड को न्यू सनौठ कॉलोनी में ड्रग्स सप्लाई करने वाले एक सक्रिय नेटवर्क की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यू सनौठ कॉलोनी स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर छापा मारा। यहां से पार्वती और उसके साथ रहने वाले विकास कुमार उर्फ शानू को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि पार्वती किराए के मकान में रहती थी। उसका स्थायी पता बवाना की जेजे कॉलोनी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, ड्रग्स के कारोबार से होने वाली कमाई का इस्तेमाल वह संपत्ति खरीदने और मकान बनवाने में कर रही थी। कार्रवाई के दौरान उसकी टाटा हैरियर समेत दो कारों को भी जब्त किया गया।
कैश, सोना-चांदी और प्रॉपर्टी के दस्तावेज बरामद
पुलिस ने पार्वती के ठिकाने से बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती सामान बरामद किया है। अधिकारियों के अनुसार, उसके घर से 56.69 लाख रुपये नकद, करीब 355 ग्राम सोना, 161 ग्राम चांदी और चार प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। पुलिस का दावा है कि इन संपत्तियों और रकम का संबंध ड्रग्स की अवैध कमाई से है।
पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 1.204 किलोग्राम हेरोइन, 64.62 लाख रुपये नकद, सोना-चांदी के आभूषण और दो कारें बरामद की हैं। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
पार्वती पर पहले से दर्ज हैं 12 मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पार्वती के खिलाफ पहले से ही NDPS Act और आबकारी अधिनियम के तहत 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाने की 'बैड कैरेक्टर हिस्ट्रीशीट' में भी दर्ज बताई गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर दिल्ली से राजस्थान तक फैले ड्रग्स नेटवर्क के अन्य सदस्यों, सप्लाई चैन और अवैध कमाई से खरीदी गई संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है।


