Top
Begin typing your search above and press return to search.

कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से तबाही, 132 लोगों की मौत; 570 घायल, 1500 घर क्षतिग्रस्त

कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से 132 लोगों की मौत और 570 लोग घायल हुए हैं। 1500 से अधिक घर क्षतिग्रस्त और 86 इमारतें ढह गईं।

कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से तबाही, 132 लोगों की मौत; 570 घायल, 1500 घर क्षतिग्रस्त
X
नई दिल्ली।दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में आए शक्तिशाली भूकंप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। सोमवार रात आए 7.4 तीव्रता के भूकंप के बाद अब तक 132 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब 570 लोग घायल बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों के अनुसार, भूकंप से देशभर में 86 इमारतें पूरी तरह या आंशिक रूप से ढह गईं, जबकि 1,500 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है।

पेरेरा में सबसे ज्यादा नुकसान

भूकंप से पेरेरा शहर सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शामिल है। यहां अकेले करीब 60 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। लगभग पांच लाख की आबादी वाला पेरेरा भूकंप के केंद्र से 64 किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित है। राजधानी बोगोटा समेत देश के कई अन्य हिस्सों में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। डर के कारण बड़ी संख्या में लोग घरों और इमारतों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए।

भूकंप के कारण 18 स्वास्थ्य केंद्रों और 52 स्कूलों को भी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा सात एयरपोर्ट पर संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रभावित इलाकों में पांच शहरों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

चोको और रिसाराल्डा में भी भारी तबाही

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक भूकंप का झटका स्थानीय समयानुसार सोमवार सुबह करीब 7:34 बजे महसूस किया गया। इसका केंद्र चोको क्षेत्र में सैन जोसे डेल पालमार के पास बताया गया है। भूकंप की गहराई करीब 107 किलोमीटर थी। चोको और रिसाराल्डा सहित आसपास के क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में मकानों और अन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंचा है।

बोगोटा से भेजे जाएंगे 100 रेस्क्यूकर्मी

भूकंप प्रभावित लोगों की मदद के लिए राजधानी बोगोटा में राहत सामग्री जुटाने के लिए छह कलेक्शन सेंटर बनाए गए हैं। यहां पानी, कंबल, पैक्ड फूड, हाइजीन सामग्री और फर्स्ट-एड किट जमा की जा रही हैं।

प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान तेज करने के लिए बोगोटा से करीब 100 रेस्क्यूकर्मियों को भेजने की तैयारी की जा रही है। राष्ट्रपति ने इमरजेंसी कमेटी की बैठक बुलाकर राहत कार्यों की निगरानी शुरू कर दी है।

कोलंबिया में क्यों आते हैं इतने भूकंप?

कोलंबिया भूकंपीय गतिविधियों वाले देशों में शामिल है। इसकी भौगोलिक स्थिति इसे भूकंप के लिहाज से संवेदनशील बनाती है। क्षेत्र में नाजका, कोकोस और दक्षिण अमेरिकी प्लेटों की गतिविधियों के कारण धरती के भीतर लगातार हलचल होती रहती है। कई जगहों पर एक टेक्टोनिक प्लेट दूसरी के नीचे धंसती है, जिससे भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियों का खतरा बना रहता है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it