Top
Begin typing your search above and press return to search.

अभिजीत दीपके बोले- आंदोलन खत्म, लड़ाई नहीं, जल्द होगा तय होगा अगला कदम; पंजाब पेपर लीक मामला भी एजेंडे में

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि संगठन जल्द अपनी नई रणनीति घोषित करेगा। पंजाब पेपर लीक मामला भी संगठन के एजेंडे में शामिल है।

अभिजीत दीपके बोले- आंदोलन खत्म, लड़ाई नहीं, जल्द होगा तय होगा अगला कदम; पंजाब पेपर लीक मामला भी एजेंडे में
X

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जंतर-मंतर पर 36 दिनों से चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन संगठन ने साफ कर दिया है कि उसकी मुहिम अभी खत्म नहीं हुई है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने रविवार को कहा कि संगठन जल्द ही अपनी अगली रणनीति की घोषणा करेगा और परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों से जुड़े अन्य मामलों को भी प्रमुखता से उठाएगा।

दीपके ने कहा कि आंदोलन समाप्त हुए अभी केवल एक दिन हुआ है, इसलिए संगठन भविष्य की कार्ययोजना पर गंभीरता से विचार कर रहा है। उन्होंने समर्थकों से थोड़ा समय देने की अपील करते हुए कहा कि जल्द ही अगले चरण की रूपरेखा सार्वजनिक की जाएगी।

पंजाब पेपर लीक विवाद भी CJP के एजेंडे में

पंजाब में सामने आए कथित पेपर लीक विवाद पर पूछे गए सवाल के जवाब में अभिजीत दीपके ने कहा कि संगठन इस मामले पर भी नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि CJP इस मुद्दे को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर रही है और उचित समय पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दीपके के अनुसार, संगठन केवल एक परीक्षा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देशभर में परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और निष्पक्षता से जुड़े मामलों पर आवाज उठाता रहेगा।

छात्रों पर दर्ज मामलों को लेकर सरकार से जारी है बातचीत

CJP संस्थापक ने बताया कि आंदोलन के दौरान छात्रों और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज किए गए मामलों को वापस लेने को लेकर केंद्र सरकार के साथ बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि संगठन की स्पष्ट मांग है कि किसी भी छात्र के खिलाफ आंदोलन में भाग लेने के कारण आपराधिक मामला दर्ज नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार को संवेदनशील रुख अपनाना चाहिए और शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल युवाओं को कानूनी कार्रवाई से राहत मिलनी चाहिए।

तीसरे दौर की बातचीत के बाद खत्म हुआ आंदोलन

शनिवार को संविधान क्लब में केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ हुई तीसरे दौर की वार्ता के बाद CJP ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की थी। संगठन ने कहा था कि सरकार ने उसकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है और तय समयसीमा के भीतर अन्य मुद्दों पर भी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

करीब 36 दिनों तक चले इस आंदोलन के दौरान दिल्ली समेत कई शहरों में प्रदर्शन हुए। जंतर-मंतर पर हजारों छात्र जुटे और कई स्थानों पर पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति भी देखने को मिली। अब आंदोलन समाप्त होने के बाद CJP का फोकस परीक्षा सुधार, जवाबदेही और अन्य राज्यों में सामने आने वाले कथित पेपर लीक मामलों पर रहेगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it