हिमाचल में दर्दनाक हादसा: चंबा में गहरी खाई में कार गिरने से 8 लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में पर्यटकों से भरी एर्टिगा कार साच पास मार्ग पर गहरी खाई में गिर गई। छत्तीसगढ़ के सात पर्यटकों समेत आठ लोगों की मौत की आशंका है।

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के दो परिवारों के सात सदस्य हिमाचल प्रदेश घूमने आए थे। सभी पर्यटक डलहौजी के एक होटल में ठहरे हुए थे और 29 मई को प्रसिद्ध पर्यटन स्थल साच पास की सैर के लिए निकले थे। उन्हें शाम तक वापस होटल लौटना था, लेकिन देर रात तक उनके नहीं पहुंचने और संपर्क न होने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।
खाई में मिला दुर्घटनाग्रस्त वाहन
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को पता चला कि पर्यटकों को ले जा रही एर्टिगा कार (एचपी-01सी-2133) बैरागढ़-साच पास-किलाड़ सड़क पर गहरी खाई में गिर गई है। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्र में स्थित होने के कारण राहत एवं बचाव दलों को मौके तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मृतकों में छत्तीसगढ़ के सात पर्यटक
हादसे में जिन लोगों के मारे जाने की आशंका है उनमें छत्तीसगढ़ निवासी अरविंद, उनकी पत्नी प्राची, उनके दो बेटे दर्श और अपशद, पी. जी. कार्तिगहेयन, उनकी पत्नी मणिमाला और उनका बेटा नंदन शामिल हैं। इनके अलावा वाहन चालक विश्वास भी हादसे का शिकार हुआ है। विश्वास हिमाचल प्रदेश के डलहौजी क्षेत्र का निवासी था। वाहन में कुल आठ लोग सवार थे।
पुलिस ने क्या कहा
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दलों को मौके पर रवाना कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि दुर्घटनास्थल तक पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण है, लेकिन बचाव एवं खोज अभियान लगातार जारी है। एसपी ने बताया कि वाहन गहरी खाई में गिरने के कारण पूरी तरह नष्ट हो चुका है और जीवित बचने की संभावना बेहद कम दिखाई दे रही है।
इसी महीने दूसरा बड़ा हादसा
गौरतलब है कि चंबा जिले में मई महीने के दौरान पर्यटकों से जुड़ा यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले 10 मई को भटियात उपमंडल के ककीरा-लाहड़ू मार्ग पर गुजरात के पर्यटकों से भरी एक इनोवा कार बारिश के दौरान अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई थी। उस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।
लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों ने हिमाचल प्रदेश के दुर्गम पर्यटन मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और सड़क सुरक्षा उपायों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।


