केंद्रीय मंत्रिमंडल में जल्द हो सकता है फेरबदल, रामदास आठवले ने बताया प्लान, इस पार्टी को एनडीए में आने का न्योता
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में जल्द फेरबदल की संभावना जताई है। उन्होंने शरद पवार की पार्टी को एनडीए में शामिल होने और अभिजीत दीपके को आरपीआई में आने का न्योता दिया।

भाजपा संगठन में बदलाव के बाद कैबिनेट विस्तार की चर्चा तेज
रामदास आठवले के मुताबिक, भाजपा की नई संगठनात्मक टीम के ऐलान के बाद अब केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में भाजपा और सहयोगी दलों से कुछ नए नेताओं को जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी फेरबदल की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है।
सोमवार को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया। इसके बाद से ही केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि संगठन में हुए बदलाव के बाद सरकार में भी जिम्मेदारियों का पुनर्गठन किया जा सकता है।
शरद पवार गुट को एनडीए में शामिल होने का ऑफर
केंद्रीय मंत्री आठवले ने इसी दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी राकांपा (एसपी) को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल होने का खुला न्योता दिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक और वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन देश के विकास के लिए विपक्षी दल को एनडीए का हिस्सा बनने पर विचार करना चाहिए।
आठवले ने यहां तक कहा कि यदि शरद पवार एनडीए में शामिल होने से इनकार करते हैं, तो उनकी पार्टी के लोकसभा सांसदों को व्यक्तिगत स्तर पर सत्तारूढ़ गठबंधन में आने पर विचार करना चाहिए। उनके इस बयान ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।
शरद पवार गुट ने किया पलटवार
आठवले के बयान पर शरद पवार गुट की ओर से भी प्रतिक्रिया आई। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने उन्हें निशाने पर लेते हुए कहा कि आठवले हमेशा खयाली पुलाव पकाते रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री की राजनीति विचारधारा से अधिक सत्ता के इर्द-गिर्द केंद्रित है।
अभिजीत दीपके को भी पार्टी में आने का न्योता
रामदास आठवले ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संयोजक अभिजीत दीपके को भी RPI(A) में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों और सामाजिक न्याय के मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए दीपके को उनकी पार्टी के साथ आना चाहिए।
आठवले ने आरक्षण को लेकर भी अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि आरक्षण संवैधानिक अधिकार है और इसे समाप्त करने की मांग करने वालों के खिलाफ सरकार को सख्त रुख अपनाना चाहिए।


