CEC ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ी, घर-दफ्तर के बाहर अतिरिक्त जवान तैनात; एसआईआर विरोध के बीच बड़ा फैसला
एसआईआर को लेकर जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मौजूदा Z+ सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। दिल्ली स्थित आवास और निर्वाचन सदन के बाहर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं।

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। मौजूदा Z+ सुरक्षा कवर के बावजूद उनके व्यक्तिगत सुरक्षा घेरे, दिल्ली स्थित आवास और चुनाव आयोग के मुख्यालय निर्वाचन सदन के बाहर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब SIR यानी मतदाता सूची के Special Intensive Revision को लेकर विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है।
दिल्ली और आगरा में विरोध के बाद सुरक्षा बढ़ी
रिपोर्टों के मुताबिक ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला उनके दिल्ली और आगरा स्थित पारिवारिक आवास के आसपास हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद खतरे के आकलन के आधार पर लिया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद अतिरिक्त बल लगाने का निर्णय किया है।
आगरा में सितंबर के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। पुलिस ने इस मामले में प्रदर्शनकारियों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज का इस्तेमाल किया और कई लोगों को चिन्हित किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
निर्वाचन सदन पर भी बढ़ाई गई सुरक्षा
दिल्ली के अशोक रोड स्थित निर्वाचन सदन, जहां चुनाव आयोग का मुख्यालय है, वहां भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। रिपोर्टों के अनुसार CISF के साथ अन्य केंद्रीय बलों और दिल्ली पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। ज्ञानेश कुमार के निजी सुरक्षा घेरे में भी अतिरिक्त जवान शामिल किए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक उनके दिल्ली आवास के आसपास भी अतिरिक्त पुलिस पिकेट और सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने मौजूदा हालात और हालिया प्रदर्शनों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा घेरे का विस्तार किया है।
एसआईआर को लेकर लगातार प्रदर्शन
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी INDIA ब्लॉक के नेताओं और अन्य संगठनों का विरोध SIR को लेकर जारी है। विपक्ष चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर सवाल उठा रहा है तथा CEC के इस्तीफे की मांग कर रहा है। चुनाव आयोग ने अपने फैसलों को लेकर उठाए गए आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि आयोग के फैसले नियमों के मुताबिक लिए गए हैं।
दिल्ली में जंतर-मंतर समेत कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शनों के बीच सुरक्षा व्यवस्था पहले ही बढ़ाई जा चुकी है। ऐसे में ज्ञानेश कुमार के आवास और निर्वाचन सदन की सुरक्षा बढ़ाए जाने को मौजूदा विरोध प्रदर्शनों के बीच एक अहम सुरक्षा कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
वहीं, INDIA ब्लॉक के नेता विरोध प्रदर्शन आगे भी जारी रखने की तैयारी में हैं। इससे आने वाले दिनों में दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों के लिए कानून-व्यवस्था बनाए रखना अहम चुनौती बनी रह सकती है।


