ममता सरकार के खिलाफ भाजपा की चार्जशीट, अमित शाह बोले-ये भय से मुक्ति का चुनाव
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में ममता बनर्जी सरकार के 15 साल के शासन के खिलाफ एक 'चार्जशीट' जारी की है। उन्होंने घुसपैठ, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार को मुख्य मुद्दा बनाते हुए कहा कि बंगाल का आगामी चुनाव राज्य के साथ-साथ देश की सुरक्षा के लिए भी निर्णायक है। शाह ने जनता से अपील की कि वे तुष्टीकरण की राजनीति को छोड़कर विकास के रास्ते को चुनें।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही है। भाजपा ने ममता सरकार के खिलाफ विधानसभा चुनाव से पहले मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज एक आरोप पत्र 'चार्जशीट' जारी की है। इस आरोप पत्र के जरिए शाह ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 15 साल के शासन को 'अराजकता और भ्रष्टाचार का युग' बताया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि बंगाल की आत्मा को बचाने और इसे भयमुक्त बनाने का चुनाव है।
अमित शाह ने कहा कि आने वाला चुनाव यह तय करेगा कि बंगाल की जनता “भय” को चुनेगी या “भरोसे” को। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 सालों में राज्य में भय, भ्रष्टाचार और भेदभाव की राजनीति हुई है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने झूठ, डर और हिंसा के सहारे सत्ता बनाए रखने की राजनीति की है, जबकि किसी भी सरकार का आधार जनकल्याण होना चाहिए।
“चार्जशीट” में लगाए गए आरोप
अमित शाह ने कहा कि यह चार्जशीट तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के “काले चिट्ठों” का संकलन है। उन्होंने आरोप लगाया कि:
• बंगाल में “सिंडिकेट राज” स्थापित किया गया
• राज्य “भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला” बन चुका है
• सफेदपोश अपराधी सिस्टम में शामिल हैं
• “कट मनी” आम बात हो गई है
• उद्योगों के लिए बंगाल “ग्रेवयार्ड” बन गया ह
• घुसपैठियों को संरक्षण दिया जा रहा है
• तुष्टिकरण सरकार की नीति बन गई है
ममता विक्टिम कार्ड की राजनीति करती हैं :अमित शाह
अमित शाह ने कहा, 'ममता दीदी ने हमेशा विक्टिम कार्ड की राजनीति की है। कभी पैर तुड़वा लेती हैं, कभी सिर पर पट्टी बंधवा लेती हैं, कभी बीमार हो जाती हैं और कभी चुनाव आयोग को गालियां देती हैं।'
'भय से मुक्ति' का चुनाव
अमित शाह ने कहा कि यह चुनाव कई तरह के “भय से मुक्ति” का चुनाव है:
• जान-माल के नुकसान के डर से मुक्ति
• संपत्ति लूटे जाने के डर से मुक्ति
• रोजगार छिनने के डर से मुक्ति
• महिलाओं की सुरक्षा को लेकर डर से मुक्ति
• युवाओं के भविष्य पर छाए अंधकार से मुक्ति
उन्होंने कहा कि यह चुनाव शांति, विकास और भरोसे का चुनाव है।
राष्ट्रीय सुरक्षा और घुसपैठ पर प्रहार
चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने घुसपैठ के मुद्दे को जोर-शोर से उठाया। उन्होंने कहा कि पूरे देश की सुरक्षा बंगाल के चुनावी नतीजों से अटूट रूप से जुड़ी हुई है। आज देश में घुसपैठियों के प्रवेश का केवल एक ही मुख्य रास्ता बचा है, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ समझौता हो रहा है। अगर बंगाल को घुसपैठ से मुक्त करना है, तो यहां सत्ता परिवर्तन अनिवार्य है। अमित शाह ने आरोप लगाया कि ममता सरकार ने वोट बैंक की राजनीति के लिए सीमावर्ती इलाकों में डेमोग्राफी के साथ खिलवाड़ होने दिया।


