बिहार में बेकाबू बस ने छठियार पार्टी में मचाया कहर, ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को रौंदा; 5 की मौत
बिहार के बेतिया में NH-727 पर तेज रफ्तार बस छठियार समारोह में घुस गई। हादसे में पांच लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए हैं।

हादसा एनएच-727 पर बसवरिया पराउटोला बनकटवा मध्य विद्यालय के सामने रात करीब 11 बजे हुआ। पुलिस ने बस और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नवजात की छठियार पार्टी में चल रहा था ऑर्केस्ट्रा
जानकारी के अनुसार, लौरिया थाना क्षेत्र के बसवरिया निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर नवजात बच्चे के छठियार समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में भोज के साथ ऑर्केस्ट्रा का भी इंतजाम था। बड़ी संख्या में ग्रामीण और आमंत्रित लोग सड़क किनारे कार्यक्रम देख रहे थे।
इसी दौरान बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा एक ट्रक और दूसरी दिशा से शाही ट्रैवल्स की बस आ रही थी। दोनों वाहनों के बीच टक्कर की स्थिति बनने पर बस चालक ने वाहन को दूसरी ओर मोड़ दिया। इसी दौरान तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर ऑर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में जा घुसी।
पांच लोगों की मौत, कई घायल
हादसे में कम से कम 10 लोगों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान देवेंद्र दुबे, बहादुर महतो, संजय महतो, छांगुर राम और भोला दुबे के रूप में हुई है।
घायलों में श्यामबाबू कुमार, नरेश राम, अजीत कुमार, मोतीचंद महतो और फखरुद्दीन मियां समेत अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से घर भेज दिया गया।
गुस्साए ग्रामीणों ने किया हंगामा
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सड़क पर हंगामा किया और दोनों वाहनों में तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस को भी विरोध का सामना करना पड़ा।
बताया गया कि हादसे के बाद बस और ट्रक के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और चालकों की तलाश की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।


