Top
Begin typing your search above and press return to search.

बेंगलुरु में कैब ड्राइवर का खौफनाक हत्याकांड, पत्नी समेत परिवार के 7 लोगों की हत्या; दो दिन में उजाड़ दिया पूरा परिवार

बेंगलुरु के राजाजीनगर में कैब ड्राइवर इंदुशेखर पर पत्नी समेत ससुराल के छह लोगों की हत्या का आरोप है। पुलिस को नंदी हिल्स के आसपास शव मिले हैं।

बेंगलुरु में कैब ड्राइवर का खौफनाक हत्याकांड, पत्नी समेत परिवार के 7 लोगों की हत्या; दो दिन में उजाड़ दिया पूरा परिवार
X

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर दो दिनों के भीतर एक-एक करके सात लोगों को मौत के घाट उतार दिया। मृतकों में सात साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को इस सामूहिक हत्याकांड की वजह माना जा रहा है।

आरोपी की पहचान इंदुशेखर के रूप में हुई है। वह बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके में बशम सर्किल के पास रहता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नंदी हिल्स के आसपास शवों की तलाश जारी है।

पत्नी से विवाद के बाद बनाया हत्या का प्लान

पुलिस के अनुसार, इंदुशेखर की शादी करीब 20 साल पहले सुनीता से हुई थी। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। सुनीता के परिजन भी उनके घरेलू मामलों में हस्तक्षेप करते थे। आरोपी को लगता था कि ससुराल वाले उसकी पत्नी को उसके खिलाफ भड़काते हैं। इसी नाराजगी के चलते उसने कथित तौर पर पूरे परिवार को खत्म करने की योजना बनाई।

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की। इसके बाद शव को अपनी कार में रखकर नंदी हिल्स ले गया और वहां फेंक दिया।

पार्टी के बहाने सालों को बुलाया, फिर की हत्या

पुलिस के मुताबिक, पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने अपने दोनों सालों शिवकुमार और शंकर को पार्टी के बहाने घर बुलाया। उन्हें बताया गया कि सुनीता बाहर गई हुई है। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद आरोपी ने दोनों की हत्या कर दी।

इसके बाद उसने अपनी सास रूपावती और परिवार की दो अन्य महिलाओं दिव्या तथा नलिनी को अलग-अलग बहानों से घर बुलाया। पुलिस का दावा है कि इन सभी की भी हत्या कर दी गई। आरोपी ने शिवकुमार के सात वर्षीय बेटे पुनीत को भी नहीं छोड़ा।

ग्राइंडिंग स्टोन से हत्या, सबूत मिटाने की कोशिश

जांच अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए घर में रखे भारी ग्राइंडिंग स्टोन का इस्तेमाल किया। हत्याओं के बाद उसने घर की सफाई की और खून के निशान मिटाने की कोशिश की। कथित तौर पर उसने वारदात में इस्तेमाल किए गए पत्थर को भी केमिकल से साफ किया।

इसके बाद शवों को कार में रखकर बेंगलुरु से करीब 60 किलोमीटर दूर चिक्कबल्लापुर जिले के नंदी हिल्स क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर फेंकने का आरोप है।

गुमशुदगी की शिकायत से खुला हत्याकांड

मामले का खुलासा तब हुआ, जब परिवार के कई सदस्य अचानक लापता हो गए। एक रिश्तेदार ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस से की। जांच के दौरान कॉल रिकॉर्ड और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस का शक इंदुशेखर पर गया।

सख्ती से पूछताछ के बाद आरोपी ने कथित तौर पर हत्याओं की बात स्वीकार की। पुलिस ने नंदी हिल्स के पास से सात वर्षीय पुनीत का शव बरामद किया है। अन्य शवों की तलाश और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम जारी है। इस घटना ने बेंगलुरु में सनसनी फैला दी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it