Top
Begin typing your search above and press return to search.

यूपी के बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा, डंपर में फंसी कार 50 मीटर तक घिसटी; परिवार के चार लोगों की मौत

बाराबंकी में रामनगर-बाराबंकी हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में दंपति, बेटे और बेटी समेत चार लोगों की मौत हुई, जबकि सात वर्षीय बच्ची गंभीर घायल है।

यूपी के बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा, डंपर में फंसी कार 50 मीटर तक घिसटी; परिवार के चार लोगों की मौत
X

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। रामनगर-बाराबंकी हाईवे पर भूलभुलैया गांव के पास रायला ढाबे के सामने तेज रफ्तार डंपर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार डंपर के अगले हिस्से में फंस गई और करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में दंपति समेत उनके बेटे और बेटी की मौत हो गई, जबकि सात वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है।

टक्कर के बाद कार में मची चीख-पुकार

जानकारी के मुताबिक, श्रावस्ती जिले के भिनगा थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद शरीफ (50) मदरसा अरबिया अनवारुल उलूम में बच्चों को पढ़ाते थे। मंगलवार को वह अपनी पत्नी तबस्सुम बानो (45), बेटे उजैम (25), बेटी रुश्दा (20) और सात वर्षीय बेटी हुदा के साथ कार से लखनऊ जा रहे थे। बताया गया कि मोहम्मद शरीफ अपनी बीमार बहन को देखने के लिए परिवार के साथ निकले थे।

भूलभुलैया गांव के पास कार मोड़ते समय सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद कार डंपर में फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

शीशे तोड़कर बाहर निकाले गए घायल और मृतक

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कार के दरवाजे और शीशे तोड़कर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों और पीड़ितों को एंबुलेंस से सीएचसी बड़ागांव ले जाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मोहम्मद शरीफ, उनकी पत्नी तबस्सुम बानो, बेटे उजैम और बेटी रुश्दा को मृत घोषित कर दिया। वहीं सात वर्षीय हुदा की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद श्रावस्ती में परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना में शामिल डंपर के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

सुलतानपुर में बस-पिकअप की भिड़ंत, 15 घायल

इससे पहले सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पिकअप और सरकारी बस की टक्कर में 15 लोग घायल हुए थे। हादसा दोस्तपुर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 154.2 के पास हुआ। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर किया गया।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it