Top
Begin typing your search above and press return to search.

यूपी के बहराइच में 12 साल के बच्चे को मगरमच्छ जिंदा खा गया, नदी किनारे हाथ-पैर धोते समय जबड़े में दबाकर खींच ले गया

बहराइच की घाघरा नदी में मगरमच्छ के हमले से 12 वर्षीय बालक की मौत। धान की रोपाई के बाद हाथ-पैर धोते समय हुआ हादसा, घंटों की तलाश के बाद मिला शव।

यूपी के बहराइच में 12 साल के बच्चे को मगरमच्छ जिंदा खा गया,  नदी किनारे हाथ-पैर धोते समय जबड़े में दबाकर खींच ले गया
X

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां घाघरा नदी में मगरमच्छ के हमले में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि धान की रोपाई के बाद बालक अपने चाचा के साथ नदी किनारे हाथ-पैर धो रहा था, तभी अचानक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन मगरमच्छ बालक को गहरे पानी में खींच ले गया। कई घंटे की तलाश के बाद उसका शव बरामद किया गया।

नदी किनारे अचानक किया मगरमच्छ ने हमला

घटना बौंडी थाना क्षेत्र के टिकुरी गांव की है। जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय सुनील अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ खेत में धान की रोपाई करने गया था। शाम को काम खत्म होने के बाद दोनों घाघरा नदी किनारे हाथ-पैर धोने पहुंचे। इसी दौरान नदी से निकले मगरमच्छ ने अचानक सुनील पर हमला कर दिया और उसे जबड़ों में दबोच लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चे ने खुद को छुड़ाने की कोशिश की, जबकि उसके चाचा और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर तथा पत्थर फेंककर मगरमच्छ को भगाने का प्रयास किया। इसके बावजूद मगरमच्छ बच्चे को गहरे पानी में ले गया।

घंटों चला तलाश अभियान

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने बांस और अन्य साधनों की मदद से नदी में खोजबीन शुरू की। तेज बहाव और अंधेरा होने के बावजूद तलाश अभियान जारी रहा। ग्रामीणों ने टॉर्च की रोशनी में कई घंटे तक बच्चे की तलाश की।

करीब पांच घंटे बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर नदी में बालक का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

माता-पिता का पहले ही हो चुका था निधन

ग्रामीणों के मुताबिक, सुनील के माता-पिता का कुछ वर्ष पहले बीमारी के कारण निधन हो चुका था। इसके बाद वह अपने चाचा के साथ रह रहा था। परिवार में उसके तीन छोटे भाई-बहन भी हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वन विभाग ने की लोगों से सतर्क रहने की अपील

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मगरमच्छ के हमले की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अकेले पानी के पास न जाने की अपील की है। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की बात कही गई है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि वन विभाग आसपास के क्षेत्र में मगरमच्छ की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it