Top
Begin typing your search above and press return to search.

Asian Games 2026: मीराबाई चानू ने जीता सिल्वर, 28 साल बाद भारत को वेटलिफ्टिंग में मिला मेडल

Asian Games 2026 में मीराबाई चानू ने महिलाओं की 49kg वेटलिफ्टिंग में सिल्वर मेडल जीता। उनके पदक से भारत का 28 साल का वेटलिफ्टिंग मेडल सूखा खत्म हुआ।

Asian Games 2026: मीराबाई चानू ने जीता सिल्वर, 28 साल बाद भारत को वेटलिफ्टिंग में मिला मेडल
X

नई दिल्ली। आइची-नागोया एशियन गेम्स में मीराबाई चानू ने महिलाओं की 49 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने कुल 198 किलोग्राम वजन उठाया। यह एशियन गेम्स में चानू का पहला पदक है और भारत को इस खेल में 1998 के बाद पहली बार मेडल मिला है।

मीराबाई चानू ने पूरा किया एशियन गेम्स का अधूरा सपना

ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट मीराबाई चानू के करियर में एशियन गेम्स का पदक लंबे समय से बाकी था। आइची-नागोया में उन्होंने इस इंतजार को खत्म करते हुए 49 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर अपने नाम किया।

चानू ने स्नैच में 87 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 198 किलोग्राम का स्कोर बनाया। उत्तर कोरिया की री सॉन्ग गम ने 215 किलोग्राम के कुल वजन के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि इंडोनेशिया की लुलुक डायना त्रि विजायाना ने 191 किलोग्राम के साथ ब्रॉन्ज हासिल किया।

28 साल का इंतजार हुआ खत्म

मीराबाई की जीत सिर्फ उनके व्यक्तिगत रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रही। इस सिल्वर के साथ भारत का एशियन गेम्स वेटलिफ्टिंग में 28 साल का मेडल सूखा भी खत्म हो गया।

भारत ने आखिरी बार 1998 के एशियन गेम्स में वेटलिफ्टिंग पदक जीता था। इसके बाद लंबे समय तक इस खेल में भारतीय खिलाड़ी पोडियम तक नहीं पहुंच सके। चानू ने अब उस इंतजार को खत्म कर दिया है।

ओलंपिक और कॉमनवेल्थ के बाद एशियन गेम्स मेडल भी

मीराबाई चानू पहले ही ओलंपिक और कॉमनवेल्थ गेम्स में अपनी पहचान बना चुकी हैं। वह टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर जीत चुकी हैं और कॉमनवेल्थ गेम्स में कई गोल्ड मेडल अपने नाम कर चुकी हैं। एशियन गेम्स का पदक उनके करियर में लंबे समय से गायब उपलब्धि थी।

2014 के एशियन गेम्स में वह पदक से दूर रही थीं, जबकि 2018 में चोट के कारण वह हिस्सा नहीं ले सकीं। 2022 के बाद आयोजित हांगझोउ एशियन गेम्स में भी वह चौथे स्थान पर रही थीं। अब जापान में सिल्वर जीतकर उन्होंने इस कमी को पूरा कर दिया।

एशियन गेम्स में भारत का अभियान जारी

मीराबाई के मेडल से पहले भी भारत ने आइची-नागोया में क्रिकेट, शूटिंग, MMA और अन्य खेलों में पदक जीते थे। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि शूटिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पदक जीते हैं।

एशियन गेम्स के पांचवें दिन भारतीय खिलाड़ियों की कई स्पर्धाओं पर नजर रही। पुरुष बैडमिंटन टीम सेमीफाइनल में चीन के खिलाफ उतरी, जबकि महिला हॉकी टीम ने थाईलैंड का सामना किया। वुशु और शूटिंग में भी भारतीय खिलाड़ी पदक की दौड़ में रहे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it