Top
Begin typing your search above and press return to search.

अरविंद केजरीवाल को केंद्र सरकार ने दिल्ली में दिया नया बंगला, कहा- शिफ्ट हो गया

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल का पता अब बदल गया है। केजरीवाल को नया बंगला मिल गया है और वह इसमें शिफ्ट भी हो गए हैं।

अरविंद केजरीवाल को केंद्र सरकार ने दिल्ली में दिया नया बंगला, कहा- शिफ्ट हो गया
X

नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल का पता अब बदल गया है। केजरीवाल को केंद्र सरकार ने राजधानी में नया बंगला दे दिया है और 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक इसमें शिफ्ट भी हो गए हैं। दिल्ली में मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने वह बंगला खाली कर दिया था जिसे भाजपा 'शीशमहल' बताकर घेरती है। इसके बाद से केजरीवाल अपने राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल को मिले सरकारी घर में रह रहे थे।

अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को नए घर में शिफ्ट होने की जानकारी सार्वजनिक की। उन्होंने एक पोस्ट में यह भी याद दिलाया कि नया घर उन्हें अदालत के आदेश पर केंद्र सरकार से मिला है। पूर्व सीएम ने लिखा, ‘पिछले दिनों केंद्र सरकार ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक होने के नाते कोर्ट के आदेश पर मुझे घर आवंटित किया था। अपने परिवार के साथ मैं अब उस घर में शिफ्ट हो गया हूं।’

केजरीवाल को दिल्ली में कहां मिला बंगला और कितना बड़ा?

अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली में 95, लोधी स्टेट में यह नया बंगला आवंटित किया गया था। यह टाइप-7 का एक सरकारी बंगला है। दिल्ली में टाइप 7 बंगले अत्यंत विशिष्ट लोगों को दिए जाते हैं। यह करीब 5000 स्क्वॉयर फीट में फैला होता है। इसमें 4 बेडरूम, 2 लॉन, 3 सर्वेंट क्वॉर्टर, एक गैराज और दफ्तर के लिए स्थान होता है।

केजरीवाल को क्यों मिला यह बंगला

दरअसल, अरविंद केजरीवाल एक राष्ट्रीय पार्टी के मुखिया हैं और इसी हैसियत से उन्हें यह बंगला मिला है। नियमों के मुताबिक, सभी राष्ट्रीय दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष को दिल्ली में बंगला आवंटित किया जाता है। चूंकि दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री को बंगला नहीं मिलता है तो फ्लैग स्टाफ रोड वाला बंगला छोड़ने के बाद वह 'बेघर' हो गए थे। वह पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर में परिवार के साथ शिफ्ट हो गए थे।

AAP प्रमुख को कानूनी लड़ाई के बाद मिला बंगला

अरविंद केजरीवाल को बंगला नहीं आवंटित किए जाने के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था। दिल्ली हाई कोर्ट की ओर से फटकार के बाद केंद्र सरकार की एजेंसियों ने अरविंद केजरीवाल के लिए बंगले का आवंटन किया। आम आदमी पार्टी की ओर से केजरीवाल के लिए टाइप-8 बंगले की मांग की गई थी, लेकिन उन्हें टाइप-7 ही मिल सका है। बंगले का आवंटन पिछले साल अक्टूबर में ही हो गया था। अरविंद केजरीवाल परिवार के साथ शिफ्ट हो गए हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it