आंध्र में भीषण सड़क हादसा,बोलेरो और लॉरी की टक्कर में आठ तीर्थयात्रियों की मौत
आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में एक भीषण सड़क हादसे में कर्नाटक के आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई। यह हादसा बोलेरो और लॉरी की टक्कर की वजह से हुआ। हादसे में 10 से 12 लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कुरनूल। दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया है। यहां कुरनूल जिले के चिलकलाडोना के पास एक बोलेरो गाड़ी की लॉरी से टक्कर हो गई। हादसे में कम से कम 8 लोगों के मारे जाने की खबर है। जानकारी के मुताबिक ये लोग तीर्थयात्रा के लिए निकले थे। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है। कुरनूल पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पाँच पीड़ितों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।दुर्घटना में लगभग 10 से 12 लोग घायल भी हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को तुरंत इलाज के लिए एम्मिगनूर अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने आगे बताया कि मृतकों की पहचान कर्नाटक के चिक्कमगलुरु क्षेत्र के तीर्थयात्रियों के रूप में हुई है। हादसे के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है।इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए सहायता राशि देने की घोषणा की है।
पीएम मोदी ने व्यक्त की संवेदना
पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया, और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। पीएम ने आगे लिखा कि PMNRF की ओर से, हर मृतक के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।


