Top
Begin typing your search above and press return to search.

अमरावती के महिला अस्पताल के NICU में लगी भीषण आग, तीन नवजातों की मौत; छह बच्चे शिफ्ट

अमरावती जिला महिला अस्पताल के NICU में आग लगने से तीन नवजातों की मौत हो गई। हादसे के वक्त 39 बच्चे भर्ती थे और छह नवजातों को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भेजा गया।

अमरावती के महिला अस्पताल के NICU में लगी भीषण आग, तीन नवजातों की मौत; छह बच्चे शिफ्ट
X
अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (NICU) में अचानक आग लगने से तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई। हादसे के समय वार्ड में 39 नवजात भर्ती थे। आग लगते ही डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कर दिया और कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

वेंटिलेटर में धमाके के बाद भड़की आग

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे हुई। तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में अचानक तेज धमाका हुआ और इसके बाद वार्ड में आग फैल गई। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि धमाका वेंटिलेटर में हुआ, जिसके बाद आग ने तेजी पकड़ ली। देखते ही देखते पूरे वार्ड में धुआं भर गया।

आग और धुएं के बीच अस्पताल में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने बिना समय गंवाए नवजातों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना शुरू किया। कर्मचारियों ने कई बच्चों को वार्ड से बाहर निकालकर उन्हें आग और धुएं से दूर किया।

तीन नवजातों की मौत

हादसे में तीन नवजात गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

अस्पताल में भर्ती अन्य बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल अतिरिक्त चिकित्सा इंतजाम किए गए। छह नवजातों को बेहतर इलाज और निगरानी के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

कई मेडिकल उपकरण जले

आग के कारण एनआइसीयू में रखे कई मेडिकल उपकरण और अन्य सामान भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि आग अस्पताल के दूसरे हिस्सों तक नहीं फैल सकी। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

हादसे के वास्तविक कारण और आग से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it