Top
Begin typing your search above and press return to search.

संसद परिसर में दो विरोधी नेताओं का दोस्ताना अंदाज, खरगे की बात पर जोर से हंस पड़े मोदी

पीएम मोदी और मल्लिकार्जुन खरगे के बीच संसद परिसर में आंबेडकर जयंती के अवसर पर एक सौहार्दपूर्ण पल देखने को मिला। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर प्रेरणा स्थल में नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। इसी दौरान मोदी और खरगे के बीच हल्की बातचीत और मुस्कुराहट ने कार्यक्रम के माहौल को सहज और सकारात्मक बना दिया।

संसद परिसर में दो विरोधी नेताओं का दोस्ताना अंदाज, खरगे की बात पर जोर से हंस पड़े मोदी
X

नई दिल्ली। अंबेडकर जयंती के अवसर पर, PM मोदी और अन्य नेताओं ने संसद परिसर में स्थित 'प्रेरणा स्थल' पर भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पीएम मोदी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बीच एक हल्का-फुल्का पल देखने को मिला, जो दो विरोधी नेताओं के बीच कभी-कभी ही देखने को मिलता है। अंबेडकर जयंती पर खरगे और पीएम मोदी की गर्मजोशी भरी मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

...और जोर-जोर से हंस पड़े पीएम

वीडियो में देखा जा सकता है कि पीएम मोदी अंबडेकर जयंती के कार्यक्रम के दौरान संसद परिसर के प्रेरणा स्थल में सभी दलों के नेताओं से मुलाकात कर रहे थे। इसी दौरान पीएम मोदी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पास पहुंचते और उनसे हाथ मिलाते हैं। वीडियो में खरगे से हावभाव देखकर ऐसा लग रहा है कि उन्होंने मजाकिया अंदाज में पीएम मोदी से कुछ मजेदार बात कही, जिसे सुनकर पीएम मोदी खुद को नहीं रोक पाए और जोर-जोर से हंसने लगे।

मतभेद भले ही हो मनभेद नहीं होना चाहिए

आमतौर पर विरोधी दल के नेता एक -दूसरे पर तीखे तीर छोड़ते नजर आते हैं, लेकिन विरोधी दल के नेता जब दोस्ताना अंदाज में मिलते हैं तो वह पल खास हो जाता है। देश की जनता को संदेश मिलता है कि विरोधी नेताओं के बीच मतभेद होता हैं, लेकिन उनके बीच मनभेद नहीं होता। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं। यूजर्स इसे भारतीय लोकतंत्र की खूबसूरती और परिपक्वता का उदाहरण बता रहे हैं। इस घटना ने यह संदेश भी दिया कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर नेताओं के बीच सम्मान और संवाद बना रहना लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।

राष्ट्र निर्माण में बाबा साहेब के प्रयास प्रेरणादायक: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि बाबासाहेब डॉ. आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि। राष्ट्र निर्माण में उनके प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उनका जीवन और कार्य पीढ़ियों को एक न्यायपूर्ण और प्रगतिशील समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।''

खरगे ने आंबेडकर जयंती पर दी श्रद्धांजलि

खरगे ने भी भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। खरगे ने कहा कि बाबा साहेब ने भारत को उसका संविधान दिया, जो देश की नैतिक और संवैधानिक नींव है। उन्होंने उन्हें स्वतंत्रता, समानता, भाईचारा और न्याय के लिए लड़ने वाला महान योद्धा बताया। उन्होंने यह भी कहा कि आज संविधान पर साजिश के तहत हमला हो रहा है, इसलिए यह समय बहुत गंभीर है और देश को पूरी ताकत से अपने संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करनी चाहिए।

कुछ दिन पहले राहुल के साथ भी सामने आई थी ऐसी तस्वीर

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी की संसद परिसर में हुई मुलाकात की एक बेहद खास तस्वीर सामने आई थी। मौका था प्रेरणा स्थल पर महात्मा ज्योतिराव फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का। इस दौरान कैमरे में एक तस्वीर ऐसी कैद हो गई, जो कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से इतर नेताओं के अलग-अलग मौकों पर साथ आने की भी परिचायक बनी। दरअसल, हुआ कुछ यूं कि जब प्रधानमंत्री मोदी अपनी गाड़ी से कार्यक्रम स्थल पहुंचे तो बाहर ही लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, स्वास्थ्य मंत्री और राज्यसभा में सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा, लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई नेता पास ही खड़े थे।

प्रधानमंत्री ने उतरते ही इन सभी नेताओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। जवाब में इन नेताओं ने भी हाथ जोड़कर पीएम का स्वागत किया। मोदी ने इस बीच राहुल गांधी से कुछ सेकंड्स के लिए चर्चा की। करीब एक मिनट तीस सेकंड के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पीएम मोदी और राहुल के बीच हल्के मूड में बातचीत हुई। बाद में पीएम और राहुल गांधी समेत इन सभी नेताओं ने उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया। सभी नेताओं ने इसके बाद बारी-बारी से महात्मा फुले को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it