Top
Begin typing your search above and press return to search.

अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ेंगे चुनाव, मायावती के साथ इसलिए किए थे गठबंधन

मुंबई में आयोजित विजन इंडिया कार्यक्रम में पहुंचें समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस उनका पुराना सहयोगी है और दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पहले मायावती को प्रधानमंत्री बनाने के उद्देश्य से गठबंधन किया गया था।

अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ेंगे चुनाव, मायावती के साथ इसलिए किए थे गठबंधन
X

मुंबई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। 5 राज्यों में चुनावा की तारीखों के ऐलान से पहले अखिलेश ने कहा- कांग्रेस पुराना साथी है। हम मिलकर चुनावी मैदान में उतरेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि असम में सीट मिले या नहीं मिले, लेकिन कांग्रेस का चुनाव में सपा पूरा समर्थन करेगी।

सपा प्रमुख ने भाजपा को गैंग करार दिया तो चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा- भाजपा पार्टी नहीं, बल्कि गैंग की तरह काम कर रही है। साथ ही चुनाव आयोग से निष्पक्ष चुनाव कराने की अपील की और पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की जीत का दावा किया। उन्होंने यह भी कहा कि बसपा से दोबारा गठबंधन मायावती को प्रधानमंत्री बनाने के लिए किया था।

दरअसल, रविवार को पूर्व सीएम अखिलेश, मुंबई पहुंचे थे। वह यहां आयोजित विजन इंडिया कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके पहले उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस की।

भाजपा राजनैतिक दल नहीं बल्कि गैंग

अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा कोई राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि एक गैंग की तरह काम कर रही है। माघ मेला में शंकराचार्य को स्नान नहीं देने का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि शंकराचार्य के अपमान पर भाजपा के नेताओं के बयान आपस में विरोधाभासी हैं।

उनके दो डिप्टी सीएम ने कहा था कि जब भी मुलाकात होगी तो माफी मांगेंगे, लेकिन उनके 'गैंग लीडर' ने कह दिया कि जो भी उनसे मिलेगा उसे कैबिनेट से निकाल दिया जाएगा।

चुनाव आयोग, भाजपा का आयोग बनकर चुनाव न कराए

सपा प्रमुख ने भारत निर्वाचन आयोग से अपील की कि वह निष्पक्ष चुनाव कराए। उन्होंने कहा- चुनाव आयोग भाजपा का आयोग बनकर चुनाव न कराए। अपनी क्रेडिबिलिटी साबित करते हुए चुनाव कराए कि आयोग बिल्कुल निष्पक्ष है।

अखिलेश ने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान ऐसा लगा कि चुनाव आयोग भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहा था।

बंगाल में भाजपा सम्मानजनक हार चाहती

पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा वहां टक्कर नहीं दे पा रही है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। बंगाल में भाजपा केवल “सम्मानजनक हार” चाहती है।

कांशीराम को याद किया, बोले- मायावती को पीएम बनवाने के लिए गठबंधन

सपा प्रमुख ने बहुजन आंदोलन के नेता कांशीराम को याद करते हुए कहा कि वे बाबा साहेब के रास्ते पर चलने वाले नेता थे। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी आया जब यूपी में नेता जी ने कांशीराम के साथ मिलकर सरकार बनाई थी और बसपा को ताकत देने का काम किया था। अखिलेश ने कहा कि दूसरी बार गठबंधन इसलिए किया गया था ताकि मायावती प्रधानमंत्री बन सकें।

कांग्रेस के साथ गठबंधन जारी रखने का ऐलान

सपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस उनकी पुरानी सहयोगी है और दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अगर असम में सीट नहीं भी मिलेगी, तब भी समाजवादी पार्टी कांग्रेस का समर्थन करेगी।

बांग्लादेशियों को लेकर सवाल, पूछा- बांग्लादेश क्यों नहीं भेजा

अखिलेश यादव ने आगरा से पकड़े गए कथित बांग्लादेशियों को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अगर वे बांग्लादेशी थे तो उन्हें कोलकाता छोड़ने के बजाय सीधे बांग्लादेश भेजा जाना चाहिए था।

अजीत पवार की मौत पर उठाया सवाल

अजीत पवार के विमान हादसे में मौत के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि देश के महत्वपूर्ण लोग प्राइवेट एयरक्राफ्ट से उड़ान भरते हैं, इसलिए वीआईपी विमानों की गुणवत्ता बेहतर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर शक होना स्वाभाविक है और इसकी जांच होनी चाहिए ताकि सच सामने आ सके।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it