Top
Begin typing your search above and press return to search.

एअर इंडिया का बड़ा फैसला: सऊदी अरब की उड़ानों पर 24 अक्टूबर तक रोक, यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड

एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा, रियाद और दमाम की उड़ानों पर 24 अक्टूबर 2026 तक रोक बढ़ाई। प्रभावित यात्रियों को री-बुकिंग और पूरे रिफंड का विकल्प मिलेगा।

एअर इंडिया का बड़ा फैसला: सऊदी अरब की उड़ानों पर 24 अक्टूबर तक रोक, यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड
X

नई दिल्ली। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के तीन प्रमुख शहरों जेद्दा, रियाद और दमाम से आने-जाने वाली उड़ानों पर लगी रोक को 24 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दिया है। एयरलाइन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस फैसले की जानकारी दी। इस बदलाव से प्रभावित यात्रियों को टिकट की तारीख बदलने, कुछ वैकल्पिक शहरों से यात्रा करने या टिकट का पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया गया है।

एयरलाइन के मुताबिक, मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति और उपलब्ध विकल्पों की पुष्टि संबंधित एयरलाइन से जरूर कर लें।

15 अक्टूबर तक टिकट बुक कराने वालों को राहत

एअर इंडिया ने बताया कि जिन यात्रियों के पास 15 अक्टूबर 2026 या उससे पहले जारी किए गए कन्फर्म टिकट हैं और जिनकी यात्रा 9 से 25 अक्टूबर 2026 के बीच निर्धारित थी, उन्हें विशेष सुविधा मिलेगी।

पात्र यात्री संबंधित एयरलाइन में 10 नवंबर 2026 तक एक बार बिना अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदलवा सकते हैं। यह सुविधा निर्धारित शर्तों और उपलब्धता के अनुसार मिलेगी। एयरलाइन का कहना है कि उसका उद्देश्य उड़ानें प्रभावित होने से यात्रियों को होने वाली परेशानी कम करना है।

दूसरे शहरों से यात्रा करने का भी विकल्प

जेद्दा, रियाद और दमाम की उड़ानों से प्रभावित यात्रियों को खाड़ी क्षेत्र के कुछ अन्य शहरों से यात्रा की री-बुकिंग कराने का विकल्प भी दिया गया है। एअर इंडिया के यात्री दुबई या दोहा से आने-जाने वाली उड़ानों में री-बुकिंग करा सकते हैं।

एअर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री के अबू धाबी, अल ऐन, बहरीन, दोहा, दुबई, कुवैत, मस्कट, रास अल खैमाह, सलालाह या शारजाह से आने-जाने वाली उड़ानों का विकल्प चुन सकते हैं।

हालांकि, वैकल्पिक शहर से यात्रा करने के लिए यात्रियों को अपने मूल प्रस्थान शहर से वहां तक पहुंचने की व्यवस्था खुद करनी होगी। साथ ही संबंधित देश के वीजा और प्रवेश नियमों का पालन करना भी जरूरी होगा।

उड़ान रद्द होने पर मिलेगा पूरा रिफंड

एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हो गई हैं, वे यात्रा नहीं करने की स्थिति में पूरा रिफंड चुन सकते हैं। री-बुकिंग और रिफंड से संबंधित सहायता के लिए एयरलाइन के संपर्क केंद्रों तथा भारत और खाड़ी देशों में स्थित बुकिंग कार्यालयों से संपर्क किया जा सकता है।

यात्रियों को सलाह है कि टिकट बदलने या रिफंड का अनुरोध करने से पहले अपनी बुकिंग की पात्रता और प्रक्रिया की पुष्टि कर लें।

स्थिति पर नजर रख रही हैं एयरलाइंस

एअर इंडिया ने कहा है कि वह मौजूदा परिस्थितियों पर लगातार नजर रख रही है। जरूरत पड़ने पर उड़ानों से जुड़े नए बदलावों की जानकारी यात्रियों को दी जाएगी। फिलहाल प्रभावित यात्रियों के लिए तारीख बदलने, वैकल्पिक मार्ग चुनने और रिफंड लेने के विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it