आगरा में पत्नी ने रची खौफनाक साजिश, खीर में नींद की गोलियां देकर पति की हत्या; बाथरूम में दफनाया शव, डेढ़ महीने बाद खुला राज
आगरा में पत्नी ने कथित तौर पर खीर में नींद की गोलियां मिलाकर पति की हत्या कर दी और शव को बाथरूम में दफनाकर फर्श बनवा दिया। डेढ़ महीने बाद पुलिस ने कंकाल बरामद कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया।

खीर में मिलाईं 20 से अधिक नींद की गोलियां
पुलिस जांच के मुताबिक, 18 मई को रूबी ने पति सुरेंद्र को खीर में 20 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं। अधिक मात्रा में दवा लेने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को बाथरूम में बने गड्ढे में दबा दिया, मिट्टी भरवाई और बाद में मिस्त्री बुलाकर फर्श पक्का करवा दिया, ताकि किसी को शक न हो।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि इतनी बड़ी वारदात को अकेले अंजाम देना आसान नहीं था। इसलिए यह भी जांच की जा रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।
पुराने केस की जांच से खुला पूरा राज
सुरेंद्र के खिलाफ वर्ष 2017 में दर्ज एक पुराने मुकदमे के सत्यापन के लिए पुलिस हाल ही में उसके घर पहुंची थी। पूछताछ के दौरान पत्नी ने पति के लापता होने की बात कही, लेकिन उसके हावभाव संदिग्ध लगे। इसके बाद वह घबरा गई और दो दिन बाद अपने जेठ अनिल शर्मा को घर बुलाकर पूरी घटना की जानकारी दे दी।
अनिल ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाथरूम का फर्श खुदवाया, जहां से कंकाल बरामद हुआ। हाथ में पहना कड़ा और गले में रुद्राक्ष की माला देखकर परिजनों ने शव की पहचान सुरेंद्र शर्मा के रूप में की।
पहले गुमशुदगी दर्ज कराई, फिर बदलती रही बयान
जांच में सामने आया कि हत्या के कुछ दिन बाद रूबी ने खुद अपने पति की गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। वह पड़ोसियों और पुलिस के सामने रोने का नाटक करती रही। गिरफ्तारी के बाद उसने कई बार बयान बदले। पहले उसने नींद की गोलियां देने की बात स्वीकारी, बाद में दावा किया कि पति ने आत्महत्या कर ली थी और डर के कारण उसने शव को दफना दिया।
हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अन्य फोरेंसिक साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है।
घरेलू कलह और आर्थिक विवाद भी जांच के दायरे में
पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र शराब पीने का आदी था और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। परिवार के लोगों का कहना है कि रूबी सिलाई का काम करती थी, जबकि सुरेंद्र नियमित रोजगार नहीं करता था। इसके अलावा परिवार की पेंशन राशि को लेकर भी विवाद सामने आया है। पुलिस इस आर्थिक पहलू की भी जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला से लगातार पूछताछ की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता के साक्ष्य मिलते हैं तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


