Top
Begin typing your search above and press return to search.

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच पीएम मोदी का शांति संदेश: पहले यूएई के राष्ट्रपति; फिर इजरायल के पीएम से की बातचीत

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच यूएई में ईरान के हमले बढ़ते जा रहे हैं। इसी बीच पीएम मोदी ने शांति का संदेश देते हुए पहले यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और फिर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय शांति व स्थिरता पर जोर दिया।

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच पीएम मोदी का शांति संदेश: पहले यूएई के राष्ट्रपति; फिर इजरायल के पीएम से की बातचीत
X

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच हालात और गंभीर होते जा रहे हैं। ईरान की ओर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर बढ़ते हमलों ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और फिर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने हालात की जानकारी ली और भारत की एकजुटता जताई। इस बात की जानकारी खुद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दी।

पोस्ट में पीएम मोदी ने बताया कि इस बातचीत में उन्होंने क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की और भारत की चिंताओं को साझा किया। उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया और कहा कि संघर्ष को जल्द रोकने की जरूरत है। पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि सभी पक्षों को जल्द से जल्द शांति स्थापित करनी चाहिए।

यूएई के राष्ट्रपति से की बातचीत

उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है और इन हमलों में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि भारत इस कठिन समय में यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है।

यूएई के राष्ट्रपति का किया धन्यवाद

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि उन्होंने यूएई में रहने वाले भारतीय समुदाय का ख्याल रखने के लिए राष्ट्रपति का धन्यवाद किया। यूएई में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक काम करते हैं और रहते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर भारत सरकार लगातार संपर्क में है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में यह भी कहा कि भारत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करता है। उन्होंने तनाव कम करने (डी-एस्केलेशन) पर जोर दिया और कहा कि सभी पक्षों को मिलकर शांति बनाए रखने की दिशा में काम करना चाहिए।

भारतीय नागरिक की हालत कैसी है?

हालांकि यूएई में रहने वाले भारतीय लोगों को लेकर अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि हमले में घायल भारतीय नागरिक अस्पताल में उपचार के बाद सुरक्षित है। दूतावास लगातार अस्पताल प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। मिशन ने कहा कि घायल भारतीय को हर संभव सहायता दी जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

यूएई में हमले में कितना नुकसान हुआ?

यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार ईरान द्वारा किए गए हमलों में तीन लोगों की मौत हुई जबकि कुल 58 लोग मामूली रूप से घायल हुए। घायलों में कई देशों के नागरिक शामिल हैं, जिनमें भारतीय नागरिक भी है। हमलों के दौरान कई जगहों पर मलबा गिरने और विस्फोटों से संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

कितने मिसाइल और ड्रोन दागे गए?

इसके साथ ही यूएई सेना ने बताया कि ईरान की ओर से बड़े पैमाने पर हमले किए गए। अब तक 165 बैलिस्टिक मिसाइल, दो क्रूज मिसाइल और 541 ड्रोन दागे गए। इनमें से 506 ड्रोन को हवा में ही मार गिराया गया, जबकि 35 ड्रोन देश के भीतर गिरने से सीमित नुकसान हुआ। सुरक्षा एजेंसियां लगातार हवाई हमलों को रोकने में जुटी रहीं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it