Top
Begin typing your search above and press return to search.

कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंचे, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी तेज; हाई अलर्ट पर पुलिस

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंच गए हैं। जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले उन्होंने समर्थकों से किताब, तिरंगा और पुलिसकर्मियों के लिए फूल लाने की अपील की। दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है।

कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंचे, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी तेज; हाई अलर्ट पर पुलिस
X

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंच चुके हैं। अमेरिका से करीब 24 घंटे की लंबी यात्रा के बाद वह शनिवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर उतरे। दिल्ली पहुंचते ही उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने समर्थकों को संदेश दिया और जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।

दीपके ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक होगा। उन्होंने समर्थकों से प्रदर्शन में शामिल होते समय अपने साथ एक किताब और तिरंगा लेकर आने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को सम्मान स्वरूप फूल भेंट करने की भी अपील की।

शांतिपूर्ण आंदोलन का दिया संदेश

दिल्ली पहुंचने के बाद अभिजीत दीपके ने कहा, “मैं आप सभी से जंतर-मंतर पर मिलने के लिए उत्साहित हूं। कृपया अपने साथ एक किताब और तिरंगा जरूर लेकर आएं। पुलिसकर्मियों को करुणा और कृतज्ञता के प्रतीक के रूप में फूल देना न भूलें। हमें इस आंदोलन को प्रेम, शांति और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ाना है।”

अमेरिका से भारत रवाना होते समय भी उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा था कि अब उनका भविष्य संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के हाथों में है। उन्होंने अपने संदेश के अंत में “जय भीम” का नारा भी लगाया था।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति लेने की तैयारी

जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके और उनके समर्थक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए प्रशासन से अनुमति लेने की प्रक्रिया पूरी करना चाहते हैं। इसके लिए स्थानीय पुलिस थाने में आवेदन दिए जाने की तैयारी की जा रही है। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाना बताया जा रहा है।

दीपके का कहना है कि युवाओं और छात्रों से संबंधित कई महत्वपूर्ण मामलों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है।

दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर

अभिजीत दीपके के भारत आगमन से पहले ही दिल्ली पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया था। एयरपोर्ट से लेकर जंतर-मंतर और संसद मार्ग क्षेत्र तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आईजीआई एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय आगमन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

एयरपोर्ट के गेट नंबर-1 के आसपास बैरिकेडिंग की गई और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा एजेंसियों को मिले खुफिया इनपुट के बाद राजधानी के संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट, संसद मार्ग और जंतर-मंतर क्षेत्र में ड्रोन कैमरों की मदद से भी नजर रखी जा रही है।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

अभिजीत दीपके पहले आम आदमी पार्टी के साथ भी जुड़े रहे हैं। बाद में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए थे। हाल के महीनों में उन्होंने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय अभियान चलाया है।

कॉकरोच जनता पार्टी का आरोप है कि नीट पेपर लीक और सीबीएसई की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में कथित अनियमितताओं ने छात्रों का भरोसा प्रभावित किया है। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है।

हजारों लोगों के जुटने का दावा

भारत लौटने से पहले दिए एक साक्षात्कार में अभिजीत दीपके ने दावा किया था कि उनके आंदोलन में हजारों लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्यता अभियान को व्यापक समर्थन मिला है और संगठन के 11 लाख से अधिक सदस्य होने का दावा किया गया है।

पार्टी की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता या समर्थक प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं, लेकिन उन्हें किसी राजनीतिक दल का झंडा, बैनर या चुनाव चिह्न लेकर आने की अनुमति नहीं होगी। संगठन का कहना है कि यह आंदोलन किसी दल विशेष के बजाय शिक्षा और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहेगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it