पराली प्रबंधन पर किसानों को मिलेंगे प्रति एकड़ एक हजार की राशि
हरियाणा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डा. सुखदेव सिंह ने जिला के किसानों से अपील करते हुए कहा कि धान कटाई का सीजन नजदीक आ रहा है।

सिरसा । हरियाणा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डा. सुखदेव सिंह ने जिला के किसानों से अपील करते हुए कहा कि धान कटाई का सीजन नजदीक आ रहा है। इसलिए पर्यावरण एवं जनहित में किसान में पराली में आग न लगाएं, बल्कि उसका उचित प्रबंधन करना सुनिश्चित करें।
श्री सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्णय अनुसार जो किसान धान की पराली के बंडल / गांठ स्ट्रा बेलर की मदद से बनाएगा, उस किसान को प्रति एकड़ एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। किसानों द्वारा विभागीय पोर्टल डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटएग्रीहरियाणाडॉटजीओवीडॉटइन पर 30 नवंबर तक पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। इस पंजीकरण के लिए किसानों का ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ किया होना चाहिए।
उन्होंने ने बताया कि जो किसान पराली अवशेषों का भूमि में मिक्स करेगा, उसे भी एक हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। किसान अपने धान खेत की जीपीएस लोकेशन वाली फोटो का रिकार्ड अपने पास रखेंगे।
पोर्टल पर पंजीकृत किसानों द्वारा किए गए पराली प्रबंधन के कार्य का सत्यापन ग्राम स्तरीय कमेटी द्वारा सत्यापन एंव जिला स्तरीय कमेटी द्वारा अनुमोदित उपरान्त प्रोत्साहन राशि किसानों के खाते में सीधे स्थानांतरण कर दी जायेगी। उन्होंने बताया कि सभी किस्मों के लिए यह स्कीम लागू है। किसान के लिए प्रोत्साहन राशि के लिए अधिकतम क्षेत्रफल की कोई सीमा नहीं है।


