Farmers Protest: कृषि मंत्री की अगुवाई में सरकार और किसानों के बीच बातचीत जारी
दिल्ली के विज्ञान भवन में किसानों की सरकार के साथ बैठक जारी है

नई दिल्ली । दिल्ली के विज्ञान भवन में किसानों की सरकार के साथ बैठक जारी है। जी हां पांच दिन बाद आज किसानों और सरकार के बीच सुलह के लिए बातचीत जारी है। नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों को सरकार ने बातचीत के लिए बुलाया था और अब इस मतभेद का समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है। मोदी सरकार के तीन मंत्री इस बैठक में मोर्चा संभाले हैं।
सरकार की तरफ से बातचीत की कमान कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के प्रभारी मंत्री पीयूष गोयल और कॉमर्स मिनिस्ट्री के राज्यमंत्री सोम प्रकाश ने संभाली है। जानकारी की मानें तो अभी सरकार के प्रतिनिधि किसानों को नए कृषि कानूनों के बारे में जानकारी दे रहे हैं। सरकार MSP यानी मिनिमम सपोर्ट प्राइस और APMC एक्ट यानी एग्रीकल्चर प्रोड्यूस मार्केट कमेटी के बारे में प्रेजेंटेशन दे रही है। सरकार चाहती है है कि किसानों को नए कानूनों के बारे में सारी जानकारी मिले।
ऐसा माना जा रहा था कि सरकार की तरफ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी इस बैठक में शामिल होंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस बैठक मे न तो राजनाथ सिंह शामिल हुए और न ही गृह मंत्री अमित शाह। अब देखना होगा कि इस मुलाकात का निष्कर्ष क्या निकलता है।
आपको बता दें कि जहां एक तरफ किसानों के प्रतिनिधि सरकार से बातचीत कर रहे हैं तो वहीं उनके साथी राजधानी दिल्ली में आंदोलन का मोर्चा संभाले हुए हैं। इसी बीच शाहीन बाग में नागरिकता कानून के खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान चर्चा में आईं बिलकिस दादी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बिलकिस दादी किसानों के समर्थन में सिंधु बॉर्डर पहुंची थीं। वह किसानों के साथ मिलकर सरकार के इस नए कानून का विरोध कर रही थीं।


