केसीआर वंशवाद और तुष्टीकरण की राजनीति का चेहरा : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को तेलंगाना में भाजपा के लोकसभा चुनाव अभियान का शुभारंभ किया और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव केसीआर को वंशवादी और तुष्टीकरण की राजनीति का चेहरा बताया

महबूबनगर (तेलंगाना)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को तेलंगाना में भाजपा के लोकसभा चुनाव अभियान का शुभारंभ किया और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव केसीआर को वंशवादी और तुष्टीकरण की राजनीति का चेहरा बताया।
महबूबनगर जिले के भूतपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) के बीच गठबंधन की भी निंदा की और कहा कि यह तेलंगाना के लिए कहीं से अच्छा नहीं हो सकता।
मोदी ने सरकारी नौकरियों और शिक्षा में मुसलमानों के लिए 12 प्रतिशत आरक्षण की टीआरएस की मांग के एक प्रत्यक्ष संदर्भ में कहा, "जो लोग भारत माता का अपमान करते हैं और संविधान का उल्लंघन कर आरक्षण की बात करते हैं, उन लोगों का यह गठबंधन सिर्फ वोटबैंक की राजनीति है।"
मोदी ने तेलंगाना में केसीआर सरकार के मंत्रिमंडल का गठन होने में लगभग तीन महीने की देरी होने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री की ज्योतिष निर्भरता का मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा, "आप ने विधानसभा चुनाव कराने में तो इतनी जल्दबाजी दिखाई, लेकिन मंत्रिमंडल गठन में इतनी देरी की। निश्चित रूप से ऐसा ज्योतिष के कारण किया गया।"
मोदी ने कहा कि केसीआर ने पहले विधानसभा चुनाव इसलिए कराया, क्योंकि एक ज्योतिषी ने उनसे कहा था कि अप्रैल-मई में भाग्य मोदी का साथ देगा। उन्होंने कहा कि अब टीआरएस को बच पाना कठिन होगा। उन्होंने सवाल किया, "तेलंगाना का भविष्य जनता तय करेगी या ज्योतिषी तय करेंगे?"


