प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार जताते हुए किसानों को लुभाने की कोशिश कर रही है भाजपा
उत्तर प्रदेश और पंजाब के साथ-साथ उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भी किसान मतदाताओं की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होने जा रही है

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश और पंजाब के साथ-साथ उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भी किसान मतदाताओं की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होने जा रही है। इस तथ्य को समझते हुए भाजपा लगातार किसानों को लुभाने की कोशिश कर रही है। किसान आंदोलन की वजह से चुनावी मैदान में कई तरह की दिक्कतों की आशंका की वजह से सरकार ने तीनों कृषि कानूनों को वापस भी ले लिया। इसके बाद से ही भाजपा लगातार अपने पक्ष में माहौल के सकारात्मक होने का दावा तो कर रही है लेकिन उसे भी इस बात का बखूबी अहसास है कि किसानों का पुरजोर समर्थन हासिल करने के अभी काफी कुछ करने की जरूरत है। उत्तर प्रदेश में पीलीभीत और उसके आसपास के जिलों के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान मतदाता ही जीत हार का फैसला करते हैं। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भी किसान मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करते हैं। पंजाब में किस पार्टी की सरकार बनेगी, यह किसान ही तय करते हैं।
इसलिए नए साल के पहले दिन यानि शनिवार को एक बार फिर से प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार जताते हुए भाजपा ने किसान मतदाताओं को एक संदेश देने का प्रयास किया है।
दरअसल, शनिवार को ही प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 10 करोड़ से ज्यादा किसानों के खाते में 20 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की है। यह राशि पीएम किसान सम्मान निधि की 10 वीं किस्त के रूप में किसानों के खाते में भेजी गई है। इसके बाद भाजपा के दिग्गज नेताओं ने पीएम के प्रति आभार जताते हुए किसानों को संदेश देना शुरू कर दिया।
मोदी सरकार को किसानों के कल्याण के लिए समर्पित सरकार बताते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान भाइयों के जीवन को सुगम बनाने तथा उनकी आय को दोगुनी करने के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रहे हैं। मोदी सरकार सदैव किसान कल्याण के लिए समर्पित रही है। नव वर्ष 2022 के प्रथम दिन, देश के 10 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को पीएम किसान के तहत 20,000 करोड़ रुपए से अधिक की दसवीं किश्त जारी करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से धन्यवाद करता हूं।
भाजपा की चुनावी रणनीति को तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वाले गृह मंत्री अमित शाह ने किसान कल्याण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए ट्वीट कर कहा, किसान सशक्तिकरण के बिना देश का समग्र विकास असंभव है। आज साल के पहले ही दिन पीएम किसान से करीब 10 करोड़ किसानों के खातों में लगभग 20000 करोड़ रुपये की 10वीं किस्त ट्रांसफर कर नरेंद्र मोदी ने किसान कल्याण की अपनी प्राथमिकता को पुन: दर्शाया है, इसके लिए मोदीजी का अभिनंदन करता हूं।
शाह ने अगले ट्वीट में कहा, एक किसान हितैषी सरकार कैसी होती है ये देश ने पिछले 7 साल से किसानों को आत्मनिर्भर बनाने हेतु निरंतर प्रयास कर रही मोदी सरकार के रूप में देखा है। पीएम किसान योजना ने खेती के सबसे महत्वपूर्ण समय पर किसानों को आर्थिक संबल देकर उन्हें कर्जमुक्त रखने का बहुत बड़ा काम किया है।
मोदी सरकार के कई अन्य मंत्रियों और भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के साथ-साथ भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राज्य स्तरीय नेताओं ने एक खास मुहिम और रणनीति के तहत प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद करना शुरू कर दिया।


