Top
Begin typing your search above and press return to search.

Video: ‘टॉक्सिक’ का धमाकेदार टीजर रिलीज: एक्शन से भरपूर अंदाज में लौटे यश, डबल रोल की अटकलें तेज

रिलीज हुए टीजर में शुरुआत से अंत तक हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस नजर आते हैं। शुरुआती फ्रेम में किसी बड़े मिशन की तैयारी का माहौल बनता है, जहां एक खतरनाक ऑपरेशन की ओर इशारा किया जाता है।

Video: ‘टॉक्सिक’ का धमाकेदार टीजर रिलीज: एक्शन से भरपूर अंदाज में लौटे यश, डबल रोल की अटकलें तेज
X
मुंबई। Toxic Teaser: ‘केजीएफ’ फ्रेंचाइज़ी से पैन इंडिया स्टार बने यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है। लंबे समय से इस फिल्म को लेकर जारी अटकलों और उत्सुकता के बीच आए 1 मिनट 55 सेकंड के टीजर ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। हालांकि टीजर में कहानी की झलक कम और एक्शन का जबरदस्त तड़का ज्यादा देखने को मिलता है। टीजर सामने आते ही फैंस ने इसे हाथों-हाथ लिया है, लेकिन साथ ही यह सवाल भी उठने लगा है कि आखिर फिल्म की कहानी क्या है? फिलहाल मेकर्स ने सस्पेंस बरकरार रखा है।

टीजर में सिर्फ एक्शन, कहानी पर सस्पेंस कायम

रिलीज हुए टीजर में शुरुआत से अंत तक हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस नजर आते हैं। शुरुआती फ्रेम में किसी बड़े मिशन की तैयारी का माहौल बनता है, जहां एक खतरनाक ऑपरेशन की ओर इशारा किया जाता है। इसके बाद बर्फ से ढके पहाड़ों, अंधेरे गलियारों और डांस बार जैसे अलग-अलग लोकेशंस पर जबरदस्त मारधाड़ दिखाई गई है।

पूरे टीजर में सिर्फ यश की झलक देखने को मिलती है। फिल्म की अन्य स्टारकास्ट कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मणी वसंत कहीं नजर नहीं आतीं। इससे यह साफ है कि मेकर्स फिलहाल फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर रहस्य बनाए रखना चाहते हैं। ‘केजीएफ’ की तरह यहां भी यश का लुक बेहद दमदार और स्टाइलिश नजर आता है। बैकग्राउंड स्कोर और विजुअल्स फिल्म को बड़े पैमाने की एक्शन एंटरटेनर के रूप में पेश करते हैं।

क्या यश निभाएंगे डबल रोल?

टीजर के आखिरी हिस्से में एक दिलचस्प मोड़ आता है। एक व्यक्ति को फाइट की ट्रेनिंग लेते हुए दिखाया गया है, जिसका चेहरा पूरी तरह स्पष्ट नहीं किया गया। छोटे बाल और छोटी दाढ़ी वाले इस शख्स की झलक ने दर्शकों के बीच अटकलों को हवा दे दी है। सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा हो रही है कि यह किरदार कोई और नहीं, बल्कि खुद यश हो सकते हैं। अगर ऐसा है तो ‘टॉक्सिक’ में यश डबल रोल निभाते नजर आ सकते हैं। हालांकि मेकर्स की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अगर यश वाकई दोहरी भूमिका में दिखते हैं, तो यह उनके करियर का एक और बड़ा प्रयोग माना जाएगा।

गीतू मोहनदास का निर्देशन

‘टॉक्सिक’ का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्ममेकर गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म का पूरा नाम है- ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’। शीर्षक से संकेत मिलता है कि यह कहानी किसी डार्क और इंटेंस दुनिया की हो सकती है, जिसमें परीकथा जैसी संरचना को परिपक्व और हिंसक अंदाज में पेश किया जाएगा। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मणी वसंत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। हालांकि टीजर में इन कलाकारों की गैरमौजूदगी ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि ट्रेलर में कहानी और किरदारों को लेकर अधिक जानकारी सामने आएगी।

19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक

फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज डेट की घोषणा दिसंबर 2023 में ही कर दी गई थी। तब से ही यश के प्रशंसक इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। ‘केजीएफ चैप्टर 2’ के बाद यश ने लंबा ब्रेक लिया था और किसी भी प्रोजेक्ट की घोषणा में जल्दबाजी नहीं दिखाई। ऐसे में ‘टॉक्सिक’ उनके करियर का अगला बड़ा कदम माना जा रहा है। यश को अपनी फिल्म के कंटेंट पर पूरा भरोसा है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें विश्वास है कि फिल्म न केवल शानदार ओपनिंग लेगी, बल्कि लंबे समय तक बॉक्स ऑफिस पर टिके रहने की क्षमता भी रखती है।

‘टॉक्सिक’ बनाम ‘धुरंधर: द रिवेंज’

19 मार्च को एक और बड़ी फिल्म रिलीज हो रही है रणवीर सिंह अभिनीत ‘धुरंधर: द रिवेंज’। दो बड़ी फिल्मों का एक ही दिन रिलीज होना बॉक्स ऑफिस पर सीधी टक्कर की स्थिति पैदा करता है। आमतौर पर ऐसी स्थिति में निर्माता आपसी सहमति से रिलीज डेट बदल देते हैं, ताकि दोनों फिल्मों को पर्याप्त स्क्रीन मिल सके। लेकिन इस बार दोनों ही पक्ष अपनी-अपनी तारीख पर अडिग हैं। खबरें थीं कि यश अपनी फिल्म की रिलीज आगे बढ़ा सकते हैं, लेकिन अब उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि वह ऐसा करने के मूड में नहीं हैं।

‘शिष्टाचार कॉल’ को लेकर नाराजगी?

इंडस्ट्री सूत्रों के अनुसार, यश ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की टीम से खुश नहीं हैं। बताया जा रहा है कि ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट पहले से घोषित थी, बावजूद इसके ‘धुरंधर’ की टीम ने उसी दिन अपनी फिल्म रिलीज करने की योजना बनाई। सूत्रों का कहना है कि अगर क्लैश की संभावना थी तो कम से कम एक औपचारिक बातचीत या शिष्टाचार कॉल किया जाना चाहिए था। दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में रिलीज डेट को लेकर पहले से समन्वय करने की परंपरा आम मानी जाती है, जबकि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में ऐसी संस्कृति अपेक्षाकृत कम देखने को मिलती है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि किसी पक्ष की ओर से नहीं की गई है।

फैंस की बढ़ी उत्सुकता

टीजर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर #ToxicTeaser और #Yash ट्रेंड करने लगे। फैंस यश के नए अवतार को लेकर उत्साहित हैं। कई यूजर्स ने इसे ‘केजीएफ’ से भी बड़े स्केल की फिल्म बताया है, जबकि कुछ ने कहानी की झलक न मिलने पर निराशा भी जताई है। डबल रोल की संभावना ने चर्चा को और हवा दी है। फैंस अब ट्रेलर का इंतजार कर रहे हैं, जिससे फिल्म की असली दिशा का अंदाजा लग सके।



क्या ‘टॉक्सिक’ दोहराएगी ‘केजीएफ’ की सफलता?

‘केजीएफ’ ने न केवल कन्नड़ सिनेमा को पैन इंडिया पहचान दिलाई, बल्कि यश को देशभर में सुपरस्टार बना दिया। ऐसे में ‘टॉक्सिक’ से भी दर्शकों की उम्मीदें बेहद ऊंची हैं। फिल्म का नाम, एक्शन से भरपूर टीजर और बड़े पैमाने की प्रस्तुति यह संकेत देते हैं कि मेकर्स एक डार्क, स्टाइलिश और इंटेंस एक्शन ड्रामा पेश करने की तैयारी में हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कहानी और प्रस्तुति के स्तर पर ‘टॉक्सिक’ दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।

धमाकेदार वापसी


‘टॉक्सिक’ का टीजर भले ही कहानी का खुलासा नहीं करता, लेकिन एक बात साफ है कियश एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं। डबल रोल की अटकलें, मजबूत स्टारकास्ट और बॉक्स ऑफिस क्लैश इन सभी कारणों से फिल्म पहले ही चर्चा में है। 19 मार्च को जब ‘टॉक्सिक’ सिनेमाघरों में उतरेगी, तब यह तय होगा कि क्या यह फिल्म एक और पैन इंडिया ब्लॉकबस्टर साबित होती है या नहीं। फिलहाल टीजर ने दर्शकों की उत्सुकता को चरम पर पहुंचा दिया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it