Begin typing your search above and press return to search.
पहले रणबीर कपूर ने ठुकरा दिया था ‘रामायण’ का ऑफर, भगवान राम के किरदार को लेकर खोले राज
इवेंट के दौरान रणबीर कपूर ने अपने किरदार भगवान श्रीराम को लेकर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि भगवान राम केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं हैं, बल्कि वे सदियों से मानवता के मार्गदर्शक रहे हैं।

मुंबई। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित महाकाव्य फिल्म ‘रामायणम्’ को लेकर उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म के निर्माताओं ने घोषणा की है कि 2 अप्रैल को इसकी पहली आधिकारिक झलक (ग्लिम्प्स) जारी की जाएगी। हालांकि इससे पहले फिल्म की टीम लॉस एंजिलिस पहुंची, जहां अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने इसके शुरुआती विजुअल्स पेश किए गए। इस खास इवेंट में अभिनेता रणबीर कपूर, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा मौजूद रहे। यह प्रस्तुति फिल्म के विजन और स्केल को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
भगवान राम के किरदार पर रणबीर कपूर की सोच
इवेंट के दौरान रणबीर कपूर ने अपने किरदार भगवान श्रीराम को लेकर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि भगवान राम केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं हैं, बल्कि वे सदियों से मानवता के मार्गदर्शक रहे हैं। रणबीर ने कहा, “भगवान राम हमें सिखाते हैं कि विपरीत परिस्थितियों में भी मानवीय मूल्यों की जीत होती है। वे करुणा, साहस, धर्म और क्षमा के प्रतीक हैं। उन्हें ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ कहा जाता है, यानी एक आदर्श पुरुष।” उनके मुताबिक, यह किरदार निभाना उनके लिए सिर्फ एक अभिनय नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी और सम्मान की बात है।
शारीरिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक तैयारी
जब रणबीर से इस चुनौतीपूर्ण भूमिका की तैयारी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि उनकी तैयारी बहुत पहले ही शुरू हो गई थी। उन्होंने कहा कि बचपन में रामानंद सागर की ‘रामायण’ देखने से ही इस कहानी और पात्र के प्रति उनके मन में गहरा जुड़ाव बन गया था। रणबीर ने कहा, “यह कहानी हमारे भीतर बहुत गहराई तक बसी हुई है। जब मुझे यह भूमिका मिली, तो मुझे शारीरिक ही नहीं, बल्कि भावनात्मक और आध्यात्मिक स्तर पर भी तैयारी करनी पड़ी। यह किरदार ईमानदारी और समझ की मांग करता है।” उन्होंने आगे कहा कि भगवान राम के प्रति लोगों की आस्था और प्रेम को ध्यान में रखते हुए इस भूमिका को निभाना उनके लिए एक बड़ा दायित्व है।
पहले ठुकरा दिया था ‘रामायण’ का ऑफर
इवेंट के दौरान रणबीर कपूर ने एक चौंकाने वाला खुलासा भी किया। उन्होंने बताया कि जब उन्हें पहली बार यह फिल्म ऑफर हुई थी, तब उन्होंने इसे करने से मना कर दिया था। रणबीर ने कहा, “करीब चार साल पहले जब नमित ने मुझे यह रोल ऑफर किया, तो मेरी पहली प्रतिक्रिया ‘नहीं’ थी। मुझे लगा कि मैं इस किरदार के लिए फिट नहीं हूं और इसके साथ न्याय नहीं कर पाऊंगा।” हालांकि, बाद में उनकी सोच बदली और उन्होंने इस चुनौती को स्वीकार किया।
पिता बनने के साथ आया बड़ा बदलाव
रणबीर कपूर ने यह भी बताया कि उनके जीवन में इस फिल्म और उनकी निजी जिंदगी के एक खास पड़ाव का गहरा संबंध है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इस फिल्म को स्वीकार किया, उसी समय वह अपनी बेटी राहा के पिता भी बने। उन्होंने कहा, “मुझे लगा कि यह मेरे जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़ है। मैं अपने जीवन और जीवनशैली में बदलाव चाहता था। भगवान राम का किरदार निभाना और पिता बनना ये दोनों चीजें मेरे लिए एक साथ आईं और इसने मेरी सोच बदल दी।”
2 अप्रैल को आएगी पहली झलक
फिल्म ‘रामायणम्’ की टीम 2 अप्रैल को मुंबई में इसके पात्रों की पहली झलक जारी करेगी। सूत्रों के अनुसार, इस ग्लिम्प्स में फिल्म के किरदारों को पेश किया जाएगा और यह दिखाया जाएगा कि हर पात्र की कल्पना किस तरह की गई है। फिल्म के भव्य एक्शन और बड़े पैमाने की झलक कुछ महीनों बाद अलग से दिखाई जाएगी। माना जा रहा है कि यह खास प्रस्तुति हनुमान जयंती के मौके पर की जा सकती है।
दमदार स्टारकास्ट और भव्य स्केल
‘रामायणम्’ की स्टारकास्ट भी काफी मजबूत और विविधतापूर्ण है। रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि कन्नड़ सुपरस्टार यश रावण का किरदार निभा रहे हैं। साई पल्लवी माता सीता के रोल में दिखाई देंगी। इसके अलावा रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के रूप में नजर आएंगे। फिल्म में कई अन्य बड़े कलाकार भी अहम भूमिकाओं में शामिल हैं, जिससे इसकी भव्यता और बढ़ जाती है।
दो भागों में रिलीज होगी फिल्म
निर्माताओं ने इस महाकाव्य को दो भागों में रिलीज करने का फैसला किया है। ‘रामायणम्’ का पहला पार्ट इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर दर्शकों के सामने आएगा।
Next Story


