Top
Begin typing your search above and press return to search.

‘धुरंधर 2’ का दमदार ट्रेलर रिलीज, रणवीर सिंह के डबल रोल और जबरदस्त एक्शन ने बढ़ाया उत्साह

ट्रेलर की शुरुआत एक तीखे संवाद से होती है, जिसमें कहा जाता है, “हिंदू एक बहुत डरपोक कौम हैं।” इसके जवाब में एक चुनौतीपूर्ण आवाज सुनाई देती है, जो आगे की कहानी की दिशा तय करती है।

‘धुरंधर 2’ का दमदार ट्रेलर रिलीज, रणवीर सिंह के डबल रोल और जबरदस्त एक्शन ने बढ़ाया उत्साह
X

मुंबई: Dhurandhar 2 Trailer: बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है और इसके सामने आते ही दर्शकों में उत्साह और भी बढ़ गया है। करीब 3 मिनट 25 सेकेंड के इस ट्रेलर में एक्शन, सस्पेंस और दमदार डायलॉग्स की भरमार देखने को मिलती है। ट्रेलर में रणवीर सिंह पहले से ज्यादा आक्रामक अंदाज में नजर आए हैं और कहानी का केंद्र लियारी की सत्ता की लड़ाई को दिखाता है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा हो रही है। खास बात यह है कि इस बार रणवीर सिंह डबल रोल में दिखाई देंगे, जो फिल्म के प्रति दर्शकों की दिलचस्पी को और बढ़ा रहा है।

ट्रेलर में दिखी लियारी की सत्ता की जंग

ट्रेलर की शुरुआत एक तीखे और विवादास्पद संवाद से होती है, जिसमें कहा जाता है, “हिंदू एक बहुत डरपोक कौम हैं।” इसके जवाब में एक चुनौतीपूर्ण आवाज सुनाई देती है, जो आगे की कहानी की दिशा तय करती है। इसके बाद ट्रेलर में दिखाया जाता है कि अक्षय खन्ना के किरदार रहमान डकैत की मौत के बाद लियारी की सड़कों पर अराजकता फैल जाती है। गैंगवार, गोलीबारी और रॉकेट लॉन्चर के धमाकों के बीच यह सवाल उठता है कि रहमान की मौत के बाद अब लियारी का नया बादशाह कौन बनेगा।

इसी संघर्ष के बीच रणवीर सिंह की एंट्री होती है, जो जस्किरत सिंह रंगी के किरदार में नजर आते हैं। ट्रेलर में कई ऐसे दृश्य हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि आखिरकार लियारी की सत्ता रणवीर के हाथों में आ जाती है।

रणवीर सिंह का नया अवतार

‘धुरंधर 2’ के ट्रेलर की सबसे बड़ी खासियत रणवीर सिंह का नया अवतार है। इस बार उनका लुक पहले से ज्यादा खतरनाक और गंभीर नजर आता है। फिल्म में रणवीर सिंह दो किरदार जस्किरत सिंह और हमजा में दिखाई देंगे। ट्रेलर में उनके दोनों किरदारों की झलक मिलती है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि कहानी में बड़ा ट्विस्ट हो सकता है। कुछ दृश्यों में वह पूरी तरह बदले की भावना से भरे नजर आते हैं। वहीं एक सीन में पाकिस्तान के लोग रणवीर सिंह की जीत का जश्न मनाते हुए दिखाई देते हैं, जिससे कहानी में अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक और आपराधिक पृष्ठभूमि का संकेत मिलता है। हालांकि ट्रेलर में आगे यह भी दिखाया गया है कि जब लियारी के लोगों को रणवीर सिंह की असली पहचान और सच्चाई का पता चलता है तो वे हैरान रह जाते हैं।

दमदार डायलॉग्स और जबरदस्त एक्शन

ट्रेलर में एक्शन का स्तर काफी बड़ा दिखाई देता है। कई दृश्यों में भारी गोलीबारी, धमाके और गैंगवार के दृश्य दिखाए गए हैं। फिल्म के कुछ डायलॉग्स भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गए हैं। खास तौर पर एक संवाद “पाकिस्तान का मुस्तकबिल अब हिंदुस्तान तय करेगा।” यह डायलॉग ट्रेलर में काफी प्रभावशाली तरीके से पेश किया गया है और इसे दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।






मजबूत स्टारकास्ट ने बढ़ाया फिल्म का कद

‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह के अलावा कई बड़े कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में संजय दत्त एक दमदार और प्रभावशाली किरदार में दिखाई देंगे। वहीं अर्जुन रामपाल का किरदार पहले से ज्यादा खतरनाक नजर आता है। इसके अलावा आर. माधवन भी फिल्म का हिस्सा हैं, जिनकी मौजूदगी कहानी को और मजबूत बनाती है। ट्रेलर में इन सभी कलाकारों की झलक दिखाई गई है, जिससे साफ है कि फिल्म में कई बड़े और यादगार किरदार देखने को मिलेंगे।

आदित्य धर का निर्देशन

फिल्म ‘धुरंधर 2’ को आदित्य धर ने लिखा, निर्देशित और प्रोड्यूस किया है। आदित्य धर इससे पहले भी अपने दमदार निर्देशन के लिए जाने जाते हैं और इस फिल्म से भी उनसे काफी उम्मीदें लगाई जा रही हैं। फिल्म को जियो स्टूडियोज ने प्रस्तुत किया है और इसे बी62 स्टूडियोज के बैनर तले बनाया गया है। इसके अलावा ज्योति देशपांडे और लोकेश धर भी इस फिल्म के निर्माता हैं।

पांच भाषाओं में होगी रिलीज

‘धुरंधर 2’ को बड़े स्तर पर रिलीज किया जा रहा है। यह फिल्म 19 मार्च को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि इसे पांच भाषाओं हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज किया जाएगा। फिल्म की रिलीज का समय भी काफी खास माना जा रहा है, क्योंकि यह गुड़ी पड़वा और उगादी के त्योहारों के दौरान और ईद से ठीक पहले सिनेमाघरों में आएगी। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि फिल्म को त्योहारों का फायदा मिल सकता है।

बॉक्स ऑफिस पर नहीं होगी बड़ी टक्कर

शुरुआत में माना जा रहा था कि 19 मार्च को ‘धुरंधर 2’ की सीधी टक्कर अभिनेता यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ से होगी। लेकिन अब यह मुकाबला टल गया है। दरअसल, ‘टॉक्सिक’ के निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी है। मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव को देखते हुए फिल्म को फिलहाल टाल दिया गया है। अब यह फिल्म 4 जून को रिलीज होगी। ऐसे में ईद के मौके पर ‘धुरंधर 2’ को बॉक्स ऑफिस पर बड़ी टक्कर का सामना नहीं करना पड़ेगा।

पहले भाग ने बनाया था रिकॉर्ड

‘धुरंधर 2’ से पहले आई फिल्म ‘धुरंधर’ को भी दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था। यह फिल्म 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित हुई थी। फिल्म ने भारत में लगभग 838.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि दुनियाभर में इसका कुल कलेक्शन करीब 1305.35 करोड़ रुपये रहा। विदेशी बाजारों में भी फिल्म को शानदार प्रतिक्रिया मिली। ओवरसीज में इसने करीब 299.5 करोड़ रुपये की कमाई की थी। खास तौर पर अमेरिका और कनाडा में फिल्म ने 193.06 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया और कई रिकॉर्ड तोड़ दिए।

खाड़ी देशों में रिलीज न होने के बावजूद बड़ी सफलता

दिलचस्प बात यह है कि ‘धुरंधर’ को खाड़ी देशों में रिलीज की अनुमति नहीं मिली थी। इसके बावजूद फिल्म ने दुनियाभर में शानदार कमाई की। यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ‘A’ रेटेड फिल्म भी बन गई थी। अब इसी सफलता को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी ‘धुरंधर 2’ पर है। ट्रेलर देखने के बाद दर्शकों को उम्मीद है कि यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हो सकती है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it