मिथुन चक्रवर्ती की हुई हार्ट सर्जरी, मिलने पहुंचे पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी शुक्रवार को कोलकाता के पीयरलेस अस्पताल पहुंचे और मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान जादवपुर से भाजपा विधायक शर्वरी मुखर्जी भी अस्पताल में मौजूद रहीं।

कोलकाता: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती की तबीयत में सुधार हो रहा है। उन्हें दो दिन पहले कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को उनके दाहिने हाथ की सफल सर्जरी की गई। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। चिकित्सकों ने बताया कि स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होने के कारण उन्हें शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी भी दी जा सकती है।
पुरानी चोट के कारण करनी पड़ी सर्जरी
डॉक्टरों के मुताबिक यह सर्जरी किसी नई बीमारी की वजह से नहीं, बल्कि एक पुराने हादसे के बाद हाथ में लगाई गई मेटल प्लेट को निकालने के लिए की गई। वर्षों पहले लगी इस प्लेट को चिकित्सकीय सलाह के बाद हटाने का फैसला लिया गया। ऑपरेशन के दौरान किसी प्रकार की जटिलता नहीं आई और पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सर्जरी के बाद मिथुन चक्रवर्ती को निगरानी में रखा गया है और उनकी सभी मेडिकल रिपोर्ट सामान्य हैं।
अस्पताल पहुंचे शुभेंदु अधिकारी, जाना स्वास्थ्य हाल
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी शुक्रवार को कोलकाता के पीयरलेस अस्पताल पहुंचे और मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान जादवपुर से भाजपा विधायक शर्वरी मुखर्जी भी अस्पताल में मौजूद रहीं। मुलाकात के बाद शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने मिथुन चक्रवर्ती से बातचीत की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अभिनेता के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य प्रदान करें।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई अस्पताल की तस्वीरें
अस्पताल से सामने आई तस्वीरों में मिथुन चक्रवर्ती अस्पताल के बेड पर आराम करते दिखाई दिए। शुभेंदु अधिकारी उनके पास बैठकर बातचीत करते नजर आए। तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों ने तेजी से प्रतिक्रिया दी और उनके जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं। फिल्म उद्योग और राजनीतिक जगत से जुड़े कई लोगों ने भी उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
पहले भी बिगड़ चुकी है तबीयत
यह पहला अवसर नहीं है जब मिथुन चक्रवर्ती को स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा हो। फरवरी 2024 में सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में उन्हें स्ट्रोक आने की पुष्टि हुई थी। उस समय दो दिन तक इलाज और निगरानी के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे काम पर वापसी की और अपनी फिल्मी एवं सार्वजनिक गतिविधियों को फिर से शुरू किया।
पांच दशक से अधिक लंबा रहा फिल्मी सफर
76 वर्षीय मिथुन चक्रवर्ती भारतीय सिनेमा के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने पांच दशक से अधिक लंबे करियर में 350 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया है। हिंदी फिल्मों के अलावा उन्होंने बंगाली, भोजपुरी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, ओड़िया और पंजाबी सिनेमा में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके अभिनय को कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, चार फिल्मफेयर पुरस्कार, पद्म भूषण और भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है।
2026 में कई बड़ी फिल्मों में आएंगे नजर
स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बावजूद मिथुन चक्रवर्ती का फिल्मी सफर लगातार जारी है। वर्ष 2026 में उनकी कई बड़ी फिल्में रिलीज के लिए तैयार हैं। इनमें 'लाहौर 1947', 'जेलर 2', 'फिरबो अबर', 'फौजी' और निर्देशक रतुल मुखर्जी की एक अनटाइटल्ड फिल्म शामिल हैं। फिल्म प्रेमियों को उम्मीद है कि स्वस्थ होने के बाद मिथुन चक्रवर्ती जल्द ही अपनी आगामी फिल्मों की शूटिंग और प्रचार गतिविधियों में फिर से सक्रिय नजर आएंगे।
डॉक्टरों ने जताई जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद
चिकित्सकों का कहना है कि सर्जरी पूरी तरह सफल रही है और मिथुन चक्रवर्ती की रिकवरी संतोषजनक है। यदि स्वास्थ्य इसी तरह बेहतर बना रहा तो उन्हें जल्द ही सामान्य दिनचर्या में लौटने की अनुमति दी जा सकती है। अभिनेता के प्रशंसक और शुभचिंतक उनके शीघ्र स्वस्थ होकर फिर से बड़े पर्दे पर लौटने का इंतजार कर रहे हैं।


