Begin typing your search above and press return to search.
‘धुरंधर: द रिवेंज’ की रिलीज से पहले ही जबरदस्त क्रेज, एडवांस बुकिंग में तोड़े रिकॉर्ड
रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना अभिनीत यह फिल्म 19 मार्च (गुरुवार) को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। हालांकि दर्शकों के उत्साह को देखते हुए मेकर्स ने 18 मार्च को पेड प्रीव्यू का भी आयोजन किया है, जिसके तहत फिल्म एक दिन पहले टिकट खरीदकर देखी जा सकती है।

मुंबई। Advance Booking for Dhurandhar 2: पिछले साल बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने वाली फिल्म ‘धुरंधर’ के बाद अब दर्शकों को उसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का बेसब्री से इंतजार है। रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना अभिनीत यह फिल्म 19 मार्च (गुरुवार) को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। हालांकि दर्शकों के उत्साह को देखते हुए मेकर्स ने 18 मार्च को पेड प्रीव्यू का भी आयोजन किया है, जिसके तहत फिल्म एक दिन पहले टिकट खरीदकर देखी जा सकती है। रिलीज से पहले ही फिल्म ने एडवांस बुकिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह संकेत दे दिया है कि बॉक्स ऑफिस पर यह एक बड़ा रिकॉर्ड बना सकती है।
पहली फिल्म ने बनाया था बड़ा रिकॉर्ड
‘धुरंधर’ ने पिछले साल के अंत में रिलीज होकर बॉक्स ऑफिस पर 895.42 करोड़ रुपये की कमाई की थी और हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई थी। पहले पार्ट की अपार सफलता के बाद ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है। यही वजह है कि फिल्म की रिलीज से पहले ही टिकटों की मांग आसमान छू रही है।
एडवांस बुकिंग में ‘धुरंधर 2’ का दबदबा
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क (Sacnilk) की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन के लिए एडवांस बुकिंग से ही 20.82 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। वहीं ब्लॉक सीट्स के साथ यह आंकड़ा बढ़कर करीब 29.18 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह आंकड़ा इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि एडवांस बुकिंग शुरू हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं। फिल्म को खासतौर पर गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और दिल्ली-एनसीआर जैसे बड़े बाजारों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। इन क्षेत्रों में टिकटों की बिक्री करोड़ों में हो रही है।
पेड प्रीव्यू में भी जोरदार कमाई
फिल्म के पेड प्रीव्यू शो के लिए भी दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पेड प्रीव्यू के तहत फिल्म ने कुल मिलाकर 40.54 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया है (ब्लॉक सीट्स सहित)। वहीं बिना ब्लॉक सीट्स के एडवांस बुकिंग करीब 29.02 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है, जिसमें 15,000 से ज्यादा शो शामिल हैं। यह संकेत है कि रिलीज से पहले ही फिल्म ने मजबूत ओपनिंग की नींव रख दी है।
विदेशों में भी शानदार प्री-सेल्स
सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस वीकेंड के लिए फिल्म की ओवरसीज प्री-सेल्स लगभग 60 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी हैं। अगर प्रीमियर और पहले दिन के कलेक्शन को मिलाकर देखा जाए, तो फिल्म की शुरुआती विंडो की कमाई 130 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुकी है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि 17 और 18 मार्च की बुकिंग के बाद यह आंकड़ा 150 करोड़ रुपये के पार जा सकता है।
देश के कई शहरों में 24 घंटे शो
फिल्म की जबरदस्त डिमांड को देखते हुए देश के कई शहरों में सिनेमाघरों ने 24 घंटे शो रखने का फैसला किया है। यानी दर्शक अब सिर्फ दिन या शाम ही नहीं, बल्कि रात 12 बजे के बाद भी 2, 3, 4 और 5 बजे तक फिल्म देख सकेंगे। इसके अलावा सुबह 6-7 बजे के शो भी जोड़े गए हैं। इससे पहले भी ‘धुरंधर’ और ‘बॉर्डर 2’ जैसी फिल्मों के लिए इस तरह के प्रयोग किए जा चुके हैं, जिन्हें दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था।
टिकट की कीमतों में उछाल
फिल्म की भारी मांग के चलते टिकट की कीमतों में भी काफी बढ़ोतरी देखी जा रही है। फिल्म वितरक समीर दीक्षित के अनुसार, टिकट की कीमतें पूरी तरह से डिमांड और सप्लाई पर निर्भर करती हैं। जैसे ही बुकिंग प्लेटफॉर्म पर मांग बढ़ती है, वैसे ही कीमतें भी बढ़ा दी जाती हैं। उन्होंने कहा कि निर्माता भी अधिक मुनाफे के लिए सिनेमाघरों पर टिकट रेट बढ़ाने का दबाव डालते हैं।
मार्केटिंग और ‘हाइप’ का खेल
ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा का मानना है कि ‘धुरंधर 2’ को लेकर दर्शकों में वही उत्साह है, जैसा ‘बाहुबली’ के बाद ‘बाहुबली 2’ के लिए देखा गया था।उन्होंने कहा कि देर रात के शो से सीधे कमाई भले ही 2-3 करोड़ रुपये तक ही बढ़ती हो, लेकिन इससे फिल्म को जो प्रचार मिलता है, उसकी कीमत 10 करोड़ रुपये के बराबर होती है। यानी यह सिर्फ कमाई नहीं, बल्कि हाइप और मार्केटिंग का भी बड़ा हिस्सा है।
रिकॉर्ड ओपनिंग की उम्मीद
फिल्म की एडवांस बुकिंग, पेड प्रीव्यू और ओवरसीज कलेक्शन को देखते हुए यह साफ है कि ‘धुरंधर: रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड ओपनिंग कर सकती है। रिलीज से पहले ही लाखों टिकट बिक चुके हैं और दर्शकों का उत्साह चरम पर है। अब सबकी नजरें 19 मार्च पर टिकी हैं, जब यह फिल्म बड़े पर्दे पर दस्तक देगी। अगर शुरुआती ट्रेंड जारी रहता है, तो ‘धुरंधर: द रिवेंज’ न सिर्फ अपने पहले पार्ट का रिकॉर्ड तोड़ सकती है, बल्कि हिंदी सिनेमा के इतिहास में एक नया मुकाम भी हासिल कर सकती है।
Next Story


